Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम और राज कुशवाहा की रिमांड दो दिन बढ़ाई गई, जबकि तीन अन्य आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए। शिलांग पुलिस की टीम इंदौर में सबूत जुटा रही है। परिजनों, सहेलियों और ड्राइवर से पूछताछ की गई। जांच तेजी से जारी है।
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम और राज कुशवाहा की पुलिस रिमांड को दो दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। शिलांग पुलिस ने दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इस मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विज्ञापन
देशभर में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस की जांच लगातार जारी है। बुधवार तक सभी पांचों आरोपियों की रिमांड जारी थी। गुरुवार को कोर्ट ने सोनम रघुवंशी और राज कुशवाह को रिमांड दो दिन और बढ़ा दी है। वहीं तीन आरोपियों विशाल, आकाश और आनंद को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए हैं।
इंदौर में भी चल रही तलाशी
राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलांग से अफसरों की एक टीम हत्याकांड से जुड़े सबूत जुटाने के लिए इंदौर में डेरा डाले हुए है। दो दिन से अफसरों ने राजा से लेकर सोनम के परिजनों से बात की। दफ्तर, गोड़ाउन पर भी तलाशी लेने पहुंची। बुधवार रात वह हत्या के मास्टरमाइंड राज कुशवाहा के घर भी पहुंची। नंदबाग में रहने वाले राज के यहां सोनम पांच दिन रुकी थी। अफसरों ने घर की तलाशी ली और कुछ महत्पवूर्ण सबूत वे अपने साथ ले गए।
सहेलियों से की पूछताछ
शिलांग पुलिस के अफसरों ने इंदौर में तीसरे दिन सोनम की फर्म में काम करने वाली दो युवतियों से पूछताछ की थी, जो अक्सर सोनम के साथ रहती थीं। करीब एक घंटे तक पूछताछ होती रही। इसके बाद युवतियां चली गई। इसके अलावा अफसरों ने उस ड्राइवर को भी क्राइम ब्रांच थाने बुलाया, जो इंदौर से गाजीपुर तक छोड़ने गया था। ड्राइवर ने बताया कि उसे इस केस के बारे में नहीं पता था। वह जानता भी नहीं था कि कार में कौन है। उसने अफसरों को बताया कि कार में सोनम अकेले गई थी। गुरुवार को शिलांग पुलिस के अफसर फील्ड में नहीं नजर आए। वे क्राइम ब्रांच के दफ्तर में ही बैठे रहे और दो दिन में एकत्र किए गए सबूतों व हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के परिजनों के सवालों को क्रॉस चेक करते रहे।
भाई ने फिर उठाई नार्को टेस्ट की मांग
राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी का कहना है कि आठ दिन की रिमांड में सोनम ने यह नहीं बताया कि उसने राजा को क्यों मारा, तो दो दिन में क्या बताएगी? इसलिए मैं मांग कर रहा हूं कि इसका नार्को टेस्ट कराया जाए। मेरी सरकार से बस यही अपील है कि इसका नार्को टेस्ट कराया जाए। सचिन ने कहा कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी कहती हैं कि सोनम बहुत ज़्यादा गुमराह कर रही है। उसे पूरा सच बताना चाहिए। उसे तब तक हिरासत में रखा जाना चाहिए जब तक वह यह न बता दे कि उसने राजा को क्यों मारा।