बायपास पर जहां फोरलेन बनाएंगे, उसके नीचे नर्मदा लाइन दबी है।
- फोटो : amar ujala digital
भविष्य की प्लानिंग के बगैर जब काम होते है तो फिर जनता के पसीने की कमाई का भी ध्यान नहीं रखा जाता। बायपास पर १०० करोड़ की लागत से फोरलेन सर्विस रोड बनाई जा रही है। इसके लिए एनएचएआई ने ८० करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी है। जहां सर्विस रोड बनेगी, उनके नीचे नगर निगम नर्मदा लाइन बिछा चुका है।
अब उसी पर सीमेंट की सर्विस रोड बनाने की तैयारी की जा रही है। भविष्य में यदि नर्मदा लाइन फूटी तो फिर बार-बार सर्विस रोड खोदना पड़े। यदि अफसर पहले ही फोरलेन को ध्यान में रखकर नर्मदा लाइन बिछाते तो फिर लाइन पर भी खतरा नहीं रहता,क्योकि बायपास की सर्विस रोड पर भी भारी वाहन चलते है।
खुदाई के कारण हो गई सर्विस रोड का बेस खराब
दस साल पहले बायपास की सर्विस रोड पर खुुदाई के कारण बेस खराब हो गया। अब एनएचएआई जब भी डामरीकरण करता है तो एक वर्षाकाल में खराब हो जाता है। सर्विस रोड खोदे जाने पर एनएचएआई ने आपत्ति ली थी। सूत्रों के अनुसार इसे लेकर सड़क परिवहन मंत्रालय की चिट्टी भी निगम को आ चुकी है। बायपास को छह लेन बनाने का प्रोजेक्ट जब मंजूर हुआ था।तब शहर में नर्मदा लाइन बिछाने का काम भी चल रहा था।
यदि सड़क निर्माण के दौरान ही सर्विस रोड के दोनों तरप लाइन बिछाते तो सड़क खोदने की जरुरत नहीं पड़ती, लेकिन अफसरों ने बायपास पर लाइन बिछाने का अलग से प्रोजेक्ट बनाया और बनी हुई सड़क पर खुदाई कर दी।
परिषद में प्रोजेक्ट को मंजूरी
नगर निगम जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि नर्मदा लाइन एक मीटर नीचे है। उसके उपर फोरलेन बनेगी। सड़क को सीमेंट क्राक्रिंट का बनाया जाएगा। इससे नर्मदा लाइन भी सुरक्षित रहेगी। इस प्रोजेक्ट को निगम की परिषद बैठक मेें मंजूरी दी जाएगी।