मप्र में विधानसभा चुनाव का आगाज हो चुका है और रोमांचक कहानियां सामने आने लगी हैं। एेसी ही एक कहानी है युवा चेतन शिवहरे की। चेतन ने राऊ विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी मधु वर्मा को जिताने के लिए संकल्प लिया है। वे तब तक चप्पल नहीं पहनेंगे जब तक मधु वर्मा चुनाव नहीं जीत जाते। चुनाव जीतने के बाद वे पैदल बिना चप्पल के ही भोपाल तक यात्रा करेंगे और उन्हें विधानसभा तक पहुंचाएंगे।
पिता कांग्रेसी बेटा भाजपा का समर्थक
चेतन ने एमकाम किया है और उनका प्रापर्टी का व्यापार है। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनके पिता कट्टर कांग्रेसी हैं। उन्होंने कहा कि मैंने बचपन से घर में कांग्रेस का ही माहौल देखा। पिता कांग्रेस के लिए ही काम करते रहे। मैं छोटा था तो संघ की शाखा जाना शुरू किया। वहां से धीरे धीरे मेरा झुकाव भाजपा की तरफ हुआ और फिर मैं भाजपा नेता मधु वर्मा से प्रभावित होकर उनके लिए काम करने लगा।
पूरे प्रचार में नंगे पैर ही कर रहे काम
चेतन ने बताया कि गर्मी हो या बारिश वे दिनभर प्रचार का काम नंगे पांव ही कर रहे हैं। उनका मानना है कि इससे हम भी मजबूत होते हैं और हमारा संकल्प भी दृढ़ होता जाता है। वे नियमित पूजा पाठ भी करते हैं और राऊ में कई सामाजिक संस्थाओं के साथ जनता की मदद का काम भी करते हैं।
जीतू पटवारी से मुकाबले की उम्मीद
राऊ में अभी कांग्रेस से जीतू पटवारी विधायक हैं। इस बार भी उम्मीद है कि कांग्रेस उन्हें ही यहां से टिकट देगी। पिछले चुनाव में भी मधु वर्मा और जीतू पटवारी के बीच ही मुकाबला था जिसमें जीतू पटवारी 5703 वोट से जीते थे। मधु वर्मा को उम्मीद है कि इस बार वे जीतू पटवारी को यहां से हरा देंगे।