कांग्रेस प्रत्याशी मांधवानी और दावेदार अक्षय के बीच सुलह
- फोटो : amar ujala digital
टिकट कटने से नाराज दावेदारों की नाराजगी दूर करने का सिलसिला कांग्रेस ने शुरू कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों में भेज रहे हैं, जो टिकट कटने से नाराज नेतागणों से मिलकर सुलह का रास्ता तैयार कर रहे हैं। इंदौर में संगठन मंत्री चंद्रप्रभाष शेखर, सह संगठन प्रभारी कुलदीप इंदौरा सक्रिय हो गए हैं। वे उन दावेदारों के घर जा रहे हैं, जिनके टिकट कट गए हैं। उनसे मुलाकात कर चुनाव में काम करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
इंदौर जिले की सीटों पर कांग्रेस के कई दावेदार टिकट मांग रहे थे। कांग्रेस ने टिकट घोषित कर दिए। महू और चार नंबर विधानसभा सीट पर इसे लेकर प्रदर्शन भी हुए और समर्थकों ने जमकर विरोध भी जताया। इंदौर की चार नंबर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने राजा मंधवानी को टिकट दिया है, जबकि अक्षय बम भी दावेदार थे। उनके समर्थकों ने गांधी भवन पर प्रदर्शन किया और पुतले भी जलाए थे। इसके बाद कांग्रेस के महामंत्री शेखर ने दशहरा मिलन समारोह के जरिए दोनों को एक साथ भोज पर बुलाया और सुलह कराई। देपालपुर के दावेदार मोती सिंह पटेल से भी कुछ वरिष्ठ नेताओं ने फोन पर चर्चा की और चुनाव में जुटने को कहा।
जोशी परिवार में भी सुलह की कवायद
तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता रहे महेश जोशी के पुत्र पिंटू जोशी को टिकट दिया है, जबकि सर्वे में पूर्व विधायक अश्विन जोशी का भी नाम था। टिकट कटने से वे भी नाराज हैं और पिछले दिनों उन्होंने अपने समर्थकों के साथ बैठक भी की। कुछ नेता दोनों भाइयों के बीच सुलह कराने में जुटे हैं। अभी अश्विन की नाराजगी पूरी तरह दूर नहीं हुई है।