इंदौर में स्थित इंफोसिस कंपनी के कैंपस में अब तेंदुए के साथ शावकों के पैरों के निशान भी मिले हैं। माना जा रहा है कि यहां पर मादा तेंदुए ने शावकों को जन्म दिया है। बुधवार को एक किसान ने तेंदुए को उसके शावकों के साथ में देखा है। गौरतलब है कि मंगलवार को इंफोसिस के कैंपस में तेंदुए के पैरों के निशान मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। इंफोसिस के पास में ही टीसीएस का भी कैंपस लगा हुआ है। दोनों ही कंपनियों ने अब अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की छूट दे दी है। हालांकि वन विभाग ने अभी तक तेंदुए और शावकों की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है।
पिंजरे लगाए, ड्रोन से सर्चिंग
वन विभाग ने टीसीएस और इंफोसिस के कैंपस में पिंजरे लगाए हैं लेकिन तेंदुआ इसमें फंस नहीं रहा है। बुधवार को वन विभाग की टीम ने ड्रोन से भी सर्चिंग की। मंगलवार को सुबह की सैर के दौरान बीएसएफ के एक अधिकारी ने भी तेंदुए को इस क्षेत्र में देखे जाने की पुष्टि की थी।
दोनों कैंपस में घने जंगल
टीसीएस और इंफोसिस दोनों के ही कैंपस में घने जंगल है। इस वजह से वन विभाग को भी सर्चिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कैंपस के आसपास की जमीनों पर खेती होती है। संभवतः तेंदुआ इन खेतों से होकर ही कैंपस के अंदर आया है। वन विभाग कैंपस में सीसीटीवी लगा रहा है। दोनों ही कंपनियों ने अपने अधिकांश कर्मचारियों को फिलहाल दफ्तर आने के लिए मना कर दिया है।