आध्यात्मिक गुरु कृष्णा गुरुजी मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
जहां रक्षाबंधन को सामान्यतः भाई-बहन के रिश्ते और रक्षा-संकल्प के रूप में मनाया जाता है, वहीं अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक गुरु कृष्णा गुरुजी इस पर्व को मानव सेवा और सामाजिक संवेदना से जोड़ने की एक प्रेरणादायी पहल कर रहे हैं।
9 अगस्त 2025 को दोपहर 2 बजे, कृष्णा गुरुजी इंदौर के परदेशीपुरा स्थित बिमा अस्पताल के कुष्ठ रोगी आश्रम में पहुंचकर वहां निवासरत उपेक्षित महिलाओं से राखी बंधवाएंगे। यह पहल केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि समाज को वास्तविक रक्षाबंधन का संदेश देती है — जहां सुरक्षा और सम्मान उन बहनों को दिया जाता है जिन्हें समाज ने अक्सर नजरअंदाज किया है। कृष्णा गुरुजी ने कहा कि हम हमेशा रक्षा का वचन देते हैं, पर समाज की उपेक्षित बहनों से कभी रक्षा का आशीर्वाद लेने की भावना क्यों नहीं लाते?
ये भी पढ़ें-
शिवभक्तों के लिए एक नया भजन "महाकाल तेरे आंगन में", कृष्णा गुरुजी ने दिया स्वर
यह कोई पहली बार नहीं है। कृष्णा गुरुजी गत 9 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर कुष्ठ आश्रम में गणेश स्थापना कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने रक्षाबंधन को भी सेवा, संवेदना और समाज से जुड़ाव का माध्यम बनाया है। उनका मानना है कि कलियुग में पर्वों को केवल दिखावा नहीं, बल्कि सामाजिक जागृति का माध्यम बनाना चाहिए।इस आयोजन के ठीक अगले दिन, 10 अगस्त को कृष्णा गुरुजी द्वारा आयोजित ग्लोबल हीलिंग डे मनाया जाएगा, जो वैश्विक प्रार्थना, शांति और आध्यात्मिक उपचार को समर्पित है। इस दृष्टि से रक्षाबंधन की यह पहल, उस दिव्य दिवस की भूमिका भी बन रही है।
कृष्णा गुरुजी ने समाज से आग्रह किया है कि हर व्यक्ति अपने क्षेत्र में उपेक्षित, असहाय या रोगग्रस्त वर्ग के साथ जुड़कर त्योहार मनाने की परंपरा शुरू करे। यदि एक भी बहन को यह महसूस हो जाए कि वह तिरस्कृत नहीं है, तो यही सच्चे रक्षाबंधन की जीत होगी।