इंदौर के पॉश इलाके साकेत नगर में एक मिठाई व्यापारी के यहां हुई 30 लाख रुपये की चोरी का पर्दाफाश हो गया। चोर व्यापारी के यहां का पूर्व नौकर ही निकला। वह जेवर चुराकर राजस्थान चला गया था। पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने जेवर आदि राजस्थान में बेच दिए।
मिठाई व्यापारी यूनिक जैन के यहां 22 दिसंबर को चोरी हो गई थी। चोर हीरे, सोने-चांदी के जेवर ले गया था। पुलिस ने घर और दुकान पर काम करने वाले नौकरों से पूछताछ की, लेकिन पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। जांच में उन नौकरों की भूमिका भी पुलिस अफसरों को नजर नहीं आई।
अफसरों ने फरियादी से पुराने नौकरों के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि दो अक्तूबर को विक्रम नामक नौकर काम छोड़कर चला गया था। वह नंदानगर में रहने लगा था। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया। उसके पास से पुलिस ने चोरी का कुछ माल जब्त कर लिया, जबकि कुछ माल उसने राजस्थान में बेच दिया था।
धीरे-धीरे चुराए जेवर
पुलिस को आरोपी विक्रम ने बताया कि उसने परिवार के सदस्यों को अलमारी में जेवर रखते हुए देख लिया था। इसके बाद वह मौका देखकर जेवर चुराने लगा। धीरे-धीरे उसने 30 लाख रुपये के जेवर चुरा लिए थे, लेकिन परिजनों को शक नहीं हुआ। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी। किसी को शक न हो, इसलिए उसने चोरी का सामान भी इंदौर में नहीं बेचा। कुछ जेवर विक्रम ने राजस्थान जाकर दो लाख रुपये में बेचे थे।