इंदौर में मंगलवार को जमकर पानी गिरा। तीन दिन से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। रात 8.30 बजे बारिश शुरू हुई जो आधे घंटे तक चलती रही। विजय नगर, पलासिया और अन्य कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी बह निकला। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया बना है, जो मंगलवार से सक्रिय हुआ है। अगले 3 से 4 दिन भी इसी तरह पूरे मप्र में बारिश होती रहेगी। मंगलवार दोपहर को कुछ स्थानों पर बारिश हुई तो कहीं नहीं हुई। अगले 24 घंटे में इंदौर-धार समेत 8 जिलों में तेज बारिश होने का अलर्ट है।
विज्ञापन
इंदौर में सोमवार को दोपहर बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात 12 बजे बाद तक जारी रहा। इस दौरान 1.6 मिमी बारिश हुई। इसे मिलाकर अब तक कुल बारिश का आंकड़ा 31.6 इंच हो गया है। बारिश भले ही हो रही है, लेकिन गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। हलके बादल, धूप से लोग दिनभर पसीना-पसीना हो रहे हैं। सोमवार को दिन का पारा 32.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। वहीं रविवार रात को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया- बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया (निम्न दाब क्षेत्र) एक्टिव हो गया है। वहीं, दो-तीन सिस्टम और एक्टिव हो रहे हैं। इस वजह से प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर चलेगा।
नए सिस्टम से उम्मीदें
मध्यप्रदेश में मानसून जून से सितंबर के बीच रहता है, लेकिन पिछले कुछ सालों में मानसून की विदाई अक्टूबर में हो रही है। ऐसे में अनुमान है कि इस बार भी मानसून अक्टूबर में ही विदा होगा। दूसरी ओर, अब नया सिस्टम एक्टिव हो गया है। ऐसे में एक बार फिर प्रदेश के कई जिले भीग जाएंगे। उम्मीद है कि इससे बारिश का कोटा पूरा हो जाएगा।