फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore Election: इंदौर में सुबह 6 बजे से मतदान केंद्रों पर लाइनें, शाम को ओले-बारिश से धीमा हुआ मतदान

Mon, 13 May 2024 05:52 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

इंदौर में भीषण गर्मी को देखते हुए लोग सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। 56 दुकान पर सुबह 10 बजे तक फ्री पोहा जलेबी दिया गया। दोपहर में मतदान का प्रतिशत बढ़ा।
विज्ञापन
1 of 3
56 दुकान पर लंबी लाइनें लगी रही। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल, इंदौर
इंदौर में लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार सुबह छह बजे से ही वोटिंग शुरू हो गई। भीषण गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लाइनें लगना शुरू हो गई हैं। इंदौर के फिटनेस ग्रुप्स ने सुबह छह बजे से ही वोट डालना शुरू कर दिया। शहर में बड़ी संख्या में साइकिलिंग, मार्निंग वाकर्स और योगा ग्रुप्स हैं। सभी ने पहले वोट डाला और फिर व्यायाम करने के लिए निकले। इंदौर में सुबह बादल छाए थे लेकिन मौसम में ठंडक के बावजूद वोटिंग का प्रतिशत सुबह कम रहा। दोपहर में तेज धूप निकली और 12 बजे से वोटिंग प्रतिशत सुधरना चालू हुआ। दोपहर पांच बजे तक इंदौर में 56.5 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। लोकसभा चुनाव में इस बार 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।


 
विज्ञापन

2 of 3
नोटा के लिए कांग्रेस ने टेबलें लगाई। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल, इंदौर
नोटा पर कई जगह विवाद  
कांग्रेस ने जनता से नोटा पर वोट देने की अपील की है। इस पर कई जगह विवाद हुआ है। वोटिंग के दौरान राऊ और नंदा नगर के सुगनी देवी कॉलेज परिसर में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को नोटा पर वोट देने के लिए कह रहे थे। विधानसभा चार के बूथ क्रमांक 43 रामकृष्ण बाग पर पीठासीन अधिकारी शबनम खान ने भी लोगों को नोटा पर वोट डालने के लिए प्रेरित किया। इस पर विधायक मालिनी गौड़ ने आपत्ति ली और निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत दर्ज करवाई। 

56 दुकान पर लगी लाइन
इंदौर के 56 दुकान पर मतदान करके आने वालों को सुबह फ्री पोहा जलेबी दिया गया। इसके साथ बुजुर्गों और पहली बार मतदान करने वालों को आइस्क्रीम और कोल्ड्रिंग्स भी फ्री मिली। पोहा जलेबी खाने वालों की लाइन 10 बजे तक लगी रही। एसोसिएसन ने कहा था कि 9 बजे तक ही फ्री पोहा जलेबी मिलेगा लेकिन लोगों का उत्साह और बढ़ती हुई भीड़ देखते हुए 10 बजे के बाद भी यह सिलसिला जारी रहा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
सुबह 6 बजे वोटिंग के बाद साइकिलिंग के लिए गए लोग। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल, इंदौर
वोटिंग के लिए छुट्टी नहीं देने पर एक कैफे सील
इंदौर में वोटिंग के लिए कर्मचारियों को छुट्टी नहीं देने पर एक कैफे सील किया गया है। कलेक्टर आशीषसिंह ने मतदान के लिए छुट्टी न देने वाले सभी तरह के संस्थानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जो व्यावसायिक संस्थान अपने कर्मचारियों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश नहीं दे रहे हैं, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश पर एडीएम सपना लोवंशी एवं पांच अन्य एसडीएम की टीम उन सूचनाओं पर कार्रवाई कर रही है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें