जवाहर मार्ग के व्यापारियों ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में प्रशासन द्वारा जवाहर मार्ग और एमजी रोड को वनवे किए जाने को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के निवास का घेराव किया और कहा कि जवाहर मार्ग पर वनवे खत्म होना चाहिए। पुलिस ग्राहकों के दोपहिया वाहन तो ठीक व्यापारियों के वाहन भी मार्ग पर नहीं लाने दे रही है। इससे हमारे धंधे चौपट हो गए। व्यापार घटकर 30 प्रतिशत हो गया।
नगर निगम और ट्रैफिक विभाग ने प्रयोग के तौर पर एक माह पहले दोनो मार्गों को वनवे किया था। तब व्यापारियों ने विरोध किया, लेकिन उसे दरकिनार करते हुए हमेशा के लिए दोनो मार्गों को वनवे करने की सूचना कलेक्टर आशीष सिंह ने जारी कर दी। इस फैसले के बाद सोमवार दोपहर व्यापारियों रैली निकाली। वे हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर भाजपा विधायक मालिनी गौड़ से मिलने पहुंचे।
व्यापारियों के हाथों में जो तख्तियां थीं। उन पर लिखा था कि दोपहिया वाहनों को वनवे से मुक्त रखें। व्यापारियों से मिलने के लिए जब विधायक गौड़ बाहर आईं तो व्यापारियों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। विधायक ने इस बारे में ट्रैफिक पुलिस और महापौर से चर्चा का आश्वासन दिया। उसके बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
व्यापारियों का कहना है कि जवाहर मार्ग पर पूरी तरह से वनवे लागू हुआ है, इस कारण से टू व्हीलर भी निकलने नहीं दिए जा रहे हैं। इससे हमारा धंधा चौपट हो गया है, उन्होंने कहा जवाहर मार्ग पर कम से कम दोनों तरफ टू व्हीलर तो निकलने दी जाए। ट्रैफिक पुलिस ने गलियों में भी बेरिकेड लगाकर दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी है।