इंदौर एयरपोर्ट पर लगातार उड़ानें लेट हो रही हैं।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर विमानतल पर लगातार उड़ानें निरस्त होने से यात्री परेशान हो रहे है। कुछ दिनों पहले जयपुर और जबलपुर की उड़ान निरस्त हो गई थी और अब शिर्डी की उड़ान निरस्त हो गई। इसके अलावा दस से ज्यादा उड़ाने दो से पांच घंटे की देरी से इंदौर से रवाना हुई। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा भी कर दिया।
इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट शाम को शिर्डी से आती है और इसके बाद वही विमान लखनऊ के लिए जाता है, लेकिन कल कंपनी ने शिर्डी से आने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया। इस कारण जो यात्री इंदौर से लखनऊ जाना चाहते थे, वे इंदौर में ही रह गए। विमान नहीं आने की जानकारी जब यात्रियों को मिली तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। लखनऊ की फ्लाइट शाम साढ़े पांच बजे की थी, लेकिन यात्री विमानतल पर ही बैठे रहे।
आखिरकार साढ़े पांच घंटे की देरी के बाद लखनऊ के लिए दूसरा विमान रात 11 बजे भेजा गया। इसके अलावा इंदौर से दूसरे शहरों के लिए उड़ानें भी लगातार लेट हो रही है। दो से लेकर चार घंटे तक विमान देरी से आने और उड़ान भरने के कारण यात्री परेशान होते रहे। दो दिन में दस से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई। इसमें दिल्ली, जयपुर, जबलपुर, और पुणे की उड़ान शामिल है। इन शहरों के आने और जाने की उड़ानें ज्यादा लेट हो रही है। दोपहर साढ़े 12 बजे उदयपुर के लिए जाने वाली 1.40 पर रवाना हुई,जबकि दोपहर तीन बजे अहमदाबाद के लिए जाने वाली उड़ान 4.45 के लिए रवाना हुई है।