दो दिन से पीने के पानी के लिए तरस रहे आधे इंदौर को कल राहत मिलेगी। मंडलेश्वर के पास नर्मदा लाइन फेस तीन में हुआ लीकेज ठीक हो गया है। अब इससे शहर की 68 टंकियां भरी जाएंगी और कल सुबह तक सभी जगह नल आ जाएंगे। करीब 65 घंटे बाद लोगों को फिर से नलों से पानी मिलेगा। 15 फीट नीचे हुए इस लीकेज को गुरुवार सुबह ठीक कर लिया गया। रिपेयरिंग में करीब 36 घंटे लग गए। चेकिंग के बाद सुबह 11.05 बजे से मोटरें चालू कर दी गई हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को दोपहर में नर्मदा से जलूद आ रही तीसरे फेज की 2100 एमएम की पाइप लाइन फूट गई थी। यह लीकेज जमीन से 15 फीट नीचे था इसलिए रिपेयरिंग में दो दिन लग गए। लाइन में जहां पर वेल्डिंग करना थी वहां पर लगातार पानी बहकर आ रहा था। इस वजह से अधिक देर लगी। लाइन फूटने पर आसपास के कई खेतों की फसल बह गई थी। पानी इतनी तेज गति से ऊंचाई पर गया कि 50 फीट तक उछल गया था। दो दिन लगातार दिन रात काम करके इंजीनियर्स और कारीगरों ने लाइन का लीकेज ठीक किया।