यह है वह पोस्टर जो हो रहा सोशल मीडिया में वायरल
- फोटो : सोशल मीडिया
सांसद शंकर लालवानी के फोटो वाला एक पोस्टर इन दिनों सियासी गलियारों में सुर्खियों में है। इस पोस्टर में सांसद लालवानी को महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी गठबंधन सरकार के एकमेव शिल्पकार बताया गया है। कांग्रेस ने इस पर तंज कसते हुए कहा है कि लालवानी इतने सक्रिय हैं कि रातों-रात पीएम भी बन सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इनसे संभलने की जरूरत है। इस पोस्टर को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने इसे कांग्रेस की कारस्तानी बताकर सायबर सेल में शिकायत करने की बात कही है।
मामला यह है कि सोशल मीडिया पर सांसद शंकर लालवानी का फोटो लगा हुआ पोस्टर हुआ वायरल हो रहा है। पोस्टर में इंदौर सांसद शंकर लालवानी को महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी गठबंधन सरकार के एकमेव शिल्पकार बताया और सौजन्य में सांसद शंकर लालवानी के खास समर्थक पार्षद प्रत्याशियों के नाम लिखें हैं। इतना ही नहीं सांसद लालवानी की जय जयकार लिखी है और उनको देश का नंबर वन और सक्रिय सांसद बताया है। सबसे ऊपर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की तस्वीर लगी है और नीचे बड़े अक्षरों में लिखा है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी गठबंधन सरकार के एकमेव शिल्पकार सांसद शंकर लालवानी की जय जयकार। हालांकि सांसद ने इसे कांग्रेस की हरकत बताया है और कहा है कि सायबर सेल में इसकी शिकायत करेंगे।
इस मामले में मप्र कांग्रेस महासचिव राकेश सिंह यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि उस पोस्टर में लिखा है-सक्रिय सांसद शंकर लालवानी। लालवानी इतने सक्रिय हैं कि रातों रात प्रधानमंत्री बन सकते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी को इसके लिए चिंता होना चाहिए। कांग्रेस की कारस्तानी पर यादव ने कहा कि सांसद को पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। अगर नहीं करवा पा रहे हैं तो बात शर्म की है। साथ ही उस आदमी को सामने लाए जो सांसद को सक्रिय बता रहा है।