आरएसएस के मालवा प्रांत संंघ चालक प्रकाश शास्त्री।
- फोटो : amar ujala digital
अयोध्या में जनवरी माह में होने वाले राम मंदिर के लोकार्पण को लेकर राष्ट्रीय सेवक संघ जनजागरण का अभियान चला रहा है। लोकार्पण समारोह में मालवा प्रांत से 100 से अधिक संत भी जाएंगे।
आरएसएस के मालवा प्रांत के संघ चालक प्रकाश शास्त्री ने कहा कि अयोध्या में राष्ट्र मंदिर तैयार हो रहा है। यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। हमने सभी समुदायों से आव्हान किया है कि वे लोकार्पण वाले दिन अपने धर्मस्थलों पर अपनी उपासना पद्धति के हिसाब से विशेष आयोजन करें। शास्त्री ने कहा कि मालवा प्रान्त के 12 हजार से अधिक गांवों व आठ हजार से अधिक मोहल्लों में हजारों टोलियां घर-घर संपर्क करेंगी।
दो हजार से अधिक कार्यकर्ता दस दिन के लिए अपने घर से दूर गाँव, मोहल्ले में रहकर इस अभियान की टोलियों का गठन करेंगे। हर तहसील में सामाजिक बैठक होंगी। उन्होंने कहा कि इन्दौर में सेवा भारती द्वारा मेरी बस्ती -मेरी अयोध्या के अंतर्गत बस्तियों को राम-मय करने की योजना रहेगी । शास्त्री ने कहा कि मकर संक्रांति के दिन से शहर व गांवों में प्रभातफेरी निकाली जाएगी।
प्राण प्रतिष्ठा के दिन सुबह घर के द्वार पर रंगोली व वंदनवार से सजावट करें, यह अपील हमने की है। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का टेलीविजन चैनलों से सीधा प्रसारण होगा।सामूहिक रुप से उसे देखने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मंदिरों में भजन कीर्तन,आरती पूजा और महामंत्र ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ का 108 बार सामूहिक जाप किया जाएगा। इसके साथ हनुमान चालीसा,सुंदरकांड,राम रक्षा स्त्रोत आदि का सामूहिक पाठ भी कर सकते हैं। शास्त्री ने कहा कि आरएसएस शहरवासियों से भी अपनील कर रहा है कि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद शाम को लोग अपने घर के सामने दीपक जलाएं।