मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित खजराना गणेश मंदिर को अपनी उत्कृष्ट सेवा और प्रबंधन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। अमेरिकन क्वालिटी काउंसिल (AQC), यूएसए के आधिकारिक सदस्य डॉ राजीव श्रीवास्तव, डॉ तिथि भल्ला एवं अजय कुमार तिवारी ने मंदिर को उच्च गुणवत्ता की सेवाओं और प्रबंधन में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया।
विज्ञापन
कई सेवाएं दे रहा मंदिर
खजराना गणेश मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि अपने विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए भी प्रसिद्ध है। मंदिर द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र में हर दिन हजारों भक्तों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जो समाज सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके साथ ही, मंदिर थैलेसीमिया रोगियों के लिए निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान करता है, जिससे मरीजों को इस गंभीर बीमारी से लड़ने में मदद मिलती है। इसके अलावा, मंदिर का लड्डू प्रसाद दुकान भी आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है, जहां भक्तों को उच्च गुणवत्ता का प्रसाद उपलब्ध कराया जाता है।
अलग पहचान बनाई
इन सभी सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के कारण, खजराना गणेश मंदिर ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। अमेरिकन क्वालिटी काउंसिल द्वारा यह प्रमाण मंदिर के समर्पित प्रयासों और समाज सेवा में उसकी भूमिका को वैश्विक मंच पर स्वीकार्यता दिलाती है। यह उपलब्धि मंदिर के लिए गर्व का विषय है और मंदिर प्रशासन के उत्कृष्ट प्रबंधन का प्रमाण है।