बालगृह में पिटाई का शिकार युवक।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में परदेशीपुरा स्थित सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन विभाग द्वारा संचालित बालगृह में मानसिक रुप से अस्वस्थ युवक पिटाई का शिकार हुआ है। इस कारण उसके हाथ और पीठ पर चोट के निशान भी आए है। स्टाॅफ का कहना है कि युवक मानसिक रुप से बीमार है और एक महिला कर्मचारी के साथ गलत हरकत करने की कोशिश कर रहा था। इस कारण उसे सजा दी गई। शरीर पर आए चोट के निशान को लेकर गृह अधीक्षक का कहना है कि कई बार दिव्यांगजन खुद को भी चोट पहुंचाते है।
बालगृह में युवक के साथ यह घटना शनिवार को हुई। वह बालगृह में ही रहता है। युवक के दाए हाथ की उंगली में चोट लगी। गृह में ही उसे पट्टी बांध दी गई। इसके अलावा बाएं हाथ और पीठ पर भी निशान है। बताया जा रहा है कि उसे डंडे से पीटा गया। बालगृह में पांच से ज्यादा कर्मचारी है। इनमें दो महिला कर्मचारी भी काम करती है।
गृह अधीक्षक नीता कुचेरिया ने बताया कि युवक काफी जिद्दी स्वभाव का है और मानसिक तौर पर अस्वस्थ है। वह बालिग है और कई दिनों से बालगृह में रह रहा है। उसने एक महिला कर्मचारी के साथ बदसलूकी की थी। उसे कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। भविष्य में इस तरह की हरकत वह न करे, इसलिए उसे डराया गया। अधीक्षक के अनुसार वरिष्ठ अफसरों को भी इससे अवगत कराया गया।