दसवीं के छात्र ने वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाई और अपनी फ्रेंड को अप्रैल फूल बनाया। अचानक स्टूल फिसल गया और सच में फांसी लग गई। उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान वह घर पर अकेला था। शाम को जब बड़ा भाई घर पहुंचा तो छोटे भाई को फंदे पर लटकता हुआ देखा।
घटना सोमवार को कंडीलपुरा क्षेत्र की है। यहां पर रहने वाले अभिषेक रघुवंशी (18) को फांसी लग गई। परिवार मल्हारगंज थाना पुलिस के मुताबिक अभिषेक के मोबाइल पर वीडियो कॉल के लिए कैमरा चालू था और दूसरी तरफ से कॉल कट हो चुका था। पुलिस ने मंगलवार को गलती से फांसी लगने के पॉइंट्स पर जांच आगे बढ़ाई है। अभिषेक के पिता कैलाश रघुवंशी इंदौर कलेक्टर कार्यालय में एसडीएम के ड्राइवर हैं। कैलाश के तीन बेटे हैं जिनमें अभिषेक सबसे छोटा था। सबसे बड़ा बेटा बाहर रहता है।
घर पर अकेला था अभिषेक
कैलाश अपनी पत्नी के साथ सोमवार को बाहर गए हुए थे। मंझला बेटा मोटरसाइकिल की सर्विसिंग कराने के लिए दुकान पर गया हुआ था। सबसे छोटा बेटा अभिषेक घर पर अकेला था। एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पहले मामला सुसाइड का लग रहा था लेकिन जांच के दौरान पता चला है कि अभिषेक किसी को मोबाइल पर कॉल करके कह रहा था कि वह सुसाइड कर रहा है।
कमरा सील कर दिया
दंडोतिया ने बताया कि अभिषेक ने वीडियो काल के दौरान फंदा लगाया और स्टूल पर खड़ा हो गया। संभावना है कि इस दौरान स्टूल खिसक गया और उसे फांसी लग गई। यह भी शक है कि अभिषेक ने जिसे कॉल किया था वह कोई लड़की है। पुलिस अभी जांच कर रही है। जिस कमरे में घटना हुई है उसे सील कर दिया गया है।