सड़क हादसे में दंपत्ति की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर से 20 किलोमीटर दूर देवास रोड के डकाच्या बायपास पर एक तेज गति से जा रहे मिनी ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि पत्नी की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार ट्रक ड्रायवर को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
दिलीप पिता देवीसिंह धाकड़ अपनी पत्नी नेहा के साथ शिप्रा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करने जा रहे थे। उनके पीछे से एक मिनी ट्रक आया और तेजी से दोनों को टक्कर मार दी। पति टक्कर से कई फीट उछल कर दूर जा गिरा। पत्नी भी सिर के बल सड़क पर गिर पड़ी। टक्कर के बाद राहगीरों ने मिनी ट्रक रोकना चाहा, लेकिन चालक मिनी ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सालभर पहले हुई थी शादी
दिलीप शिवपुरी का रहने वाला था। नौकरी के सिलसिले में वह इंदौर आकर रहने लगा था। साल भर पहले ही उसकी शादी नेहा से हुई थी। दिलीप इंदौर में एक एजेंसी में सिक्योरिटी गार्ड था, जबकि पत्नी नेहा गृहिणी थी। नेहा को छह माह का गर्भ था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग शिवपुरी से इंदौर पहुंचे। वे दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद शिवपुरी ले गए।