जैन समाज के प्रमुख तीर्थ स्थल सम्मेद शिखरजी को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने से इंदौर का जैन समाज नाराज है। समाज ने बुधवार को अपने संस्थान बंद रखे। इंदौर के कई व्यापारिक संघों ने बंद को समर्थन किया। इंदौर में छावनी अनाज मंडी के अलावा मारोठिया बाजार, क्लाॅथ मार्केट सहित कई बाजारों में बंद का असर देखा गया। जैन समाज ने जुलूस निकाल कर अपना विरोध दर्ज कराया। शहर के अधिकांश बाजार दोपहर तक बंद रहेंगे।
समाज के पदाधिकारी सुबह से बाजारों में निकले और दुकानें बंद रखने की अपील की। मह्लारगंज व्यापारी एसोसिएशन के व्यापारियों ने अपना कारोबार बंद रखा। इसके अलावा शहर की छावनी अनाज मंडी ने भी समाज के विरोध का समर्थन करते हुए दुकानें नहीं खोली। सुबह कांच मंदिर पर जैन समाज के पदाधिकारी एकत्र हुए और काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराया। भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने भी बंद का समर्थन किया और सरकार से अपना फैसला वापस लेने की मांग की।
इस मौके पर जयदीप जैन, अरूण बाकलीवाल,पिंकेश टोगिंया, नकुल पाटोदी, निर्मल सेठी ने नारेबाजी की। सराफा क्षेत्र में भी कई व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। शिखरजी को पर्यटन केंद्र बनाने के विरोध में रीगल तिराहे पर समग्र जैन समाज से जुड़ी संस्थाएं,संगठन के पदाधिकारी एकत्र हुए।
समाजजनों ने अलग-अलग क्षेत्रों से जुलूस निकाला। जिसमें शामिल पुरुष व महिलाएं नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। समाजजनों का कहना था कि पर्यटन के लिए देश में कई क्षेत्र है। तीर्थ स्थलों को पर्यटन केंद्र नहीं बनाया जाना चाहिए।