ट्रेन से टक्कर के बाद कार की स्थिति।
- फोटो : amar ujala digital
मंगलवार सुबह एक कार ट्रैक पर फंस गई और इंदौर-जयपुर सुपर फास्ट्र ट्रेन ने कार के परखच्चे उड़ा दिए। हादसा इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र के क्रॉसिंग पर हुआ। दरअसल, क्रॉसिंग पार करते समय कार रेलवे ट्रेक पर फंस गई थी, इस बीच ट्रेन आ गई। यह देख ड्रायवर कार छोड़कर भाग गया और तेज गति से आ रही ट्रेन ट्रैक पर खड़ी कार को दूर तक घसीट कर ले गई। भीषण टक्कर होने के बाद भी कोई जनहानि नहीं हुई।
कार दिल्ली से इंदौर आ रही थी। लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से आगे की क्रॉसिंग पर कार मिट्टी और मुरम में फंस गई। ड्रायवर कार हटा पाता, उससे पहले धड़धड़ाती हुई जयपुर-दिल्ली सुपर फास्ट ट्रेन आ गई। यह देख ड्रायवर डर गया और कार को ट्रैक पर ही छोड़ खुद जान बचाने भागा। ट्रेन कार से टकराई और उसे दूर तक घसीटते हुए ले गई कार दवा व्यापारी राजेश गुरबानी की बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रेन रुकी
कार से टक्कर के बाद आगे जाकर ट्रेन भी रुकी। लोको पायलेट ने रेलवे अफसरों को सूचना दी। रेलवे अफसरों ने इंजन की जांच की। टक्कर से इंजन को कोई नुकसान नहीं हुआ। ट्रेन करीब आधे घंटे वहां रूकी रही। इसके बाद धीमी गति से ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।