शासकीय होलकर महाविद्यालय में जनभागीदारी के तहत 12 से 15 नियुक्तियों और वेतन 18000 से 33000 रुपए करने पर विवाद हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने नियमों की अनदेखी व आर्थिक अनियमितता का आरोप लगा प्रदर्शन किया और 3 दिन में लिखित जवाब मांगा है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
शासकीय होलकर महाविद्यालय में जनभागीदारी के नाम पर की गई 12 से 15 नियुक्तियों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इन नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी और आर्थिक अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने उच्च शिक्षा विभाग के संभागीय कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त संचालक को ज्ञापन सौंपकर इन नियुक्तियों को तत्काल निरस्त करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।
विज्ञापन
विजिटिंग फैकल्टी से नियुक्ति और वेतन वृद्धि का आरोप
पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस जावेद खान ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में पहले से विजिटिंग फैकल्टी के रूप में कार्यरत लोगों को जनभागीदारी के नाम पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को पहले 18,000 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 33,000 रुपए कर दिया गया है। जावेद खान ने सवाल उठाया कि जब उच्च शिक्षा विभाग और यूजीसी के नियमों में मानसेवी शिक्षकों की नियुक्ति की कोई स्पष्ट व्यवस्था मौजूद नहीं है, तो आखिर किस नियम के आधार पर कॉलेज प्रबंधन ने ये नियुक्तियां कीं।
विद्यार्थियों की फीस और आर्थिक अनियमितता का मुद्दा
जावेद खान ने कहा कि महाविद्यालय को प्राप्त होने वाली जनभागीदारी की अधिकांश राशि विद्यार्थियों द्वारा जमा की जाने वाली फीस से आती है। ऐसे में स्थापित नियमों को दरकिनार कर नियुक्तियां करना एक गंभीर आर्थिक अनियमितता है। आरोप लगाया गया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से चहेते लोगों को लाभ पहुंचाया और उपकृत किया जा रहा है।
विज्ञापन
3 दिन में लिखित जवाब की मांग और आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उच्च शिक्षा विभाग कॉलेज प्रबंधन से इन नियुक्तियों की पूरी प्रक्रिया तथा उन पर लागू नियमों के संबंध में लिखित जवाब तलब करे। यदि जांच में नियुक्तियां नियमों के विपरीत पाई जाती हैं, तो उन्हें बिना देर किए निरस्त किया जाए। साथ ही प्राचार्य अनामिका जैन और प्रशासनिक अधिकारी नागेश डगाउकर की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है। कांग्रेस नेताओं ने विभाग को 3 दिन का समय दिया है और स्पष्ट किया है कि यदि इस तय अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।