इंदौर के समीप सिमरोल में चार साल के बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर में खेल रहा था। इस दौरान उसने बिजली के तार को छू लिया। उसे जोरदार झटका लगा और वह दूर जा गिरा।
उसके साथ तीन बच्चे भी खेल रहे थे, लेकिन गनीमत है कि वे हादसे का शिकार नहीं हुए। करंट लगने से घायल बच्चे को उसके परिजन एक निजी अस्पताल में लाए,लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संयोगितागंज पुलिस ने मर्ग कायम किया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विनोद पिता नुरू आसपास रहने वाले तीन बच्चों के साथ खेल रहा था। अचानक विनोद को करंट लगा। वह जोर से चिल्लाया तो पहली मंजिल से उसकी मां दौड़कर नीचे आई।
विनोद को गिरते देख साथ खेल रहे बच्चे डर के कारण भाग गए। मां सुनीता ने आसपास के लोगों की मदद से विनोद को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार में विनोद की एक बहन और भाई है। दोनो दादी के यहां रहने गए है।
मकान बन रहा है, इसलिए तार खुले थे
नुरू सिमरोल में मकान बना रहा है। निर्माणाधिन मकान में ही परिवार रह रहा है। मकान में फिटिंग नहीं होने के कारण बिजली के तार खुले थे। जिसकी चपेट में उसका बेटा आ गया। नुरु मिस्त्री है और हादसे के समय काम पर गया। करंट लगने की खबर सुनकर वह सीधे अस्पताल पहुंच गया था।