दिव्यांगों को दी जाएगी इलेक्ट्रिक बाइक
- फोटो : अमर उजाला
कुछ सप्ताह पहले दिव्यांग पवन सालवी ने इंदौर कलेक्टर इलैयाराजा टी को बताया था कि उनके पास कोई रोजगार नहीं है। यदि उन्हें कोई वाहन मिल जाए तो वह नौकरी कर सकते हैं। इस पर कलेक्टर ने चेन्नई की एक कंपनी द्वारा पवन के लिए विशेष इलेक्ट्रिक वाहन तैयार करवाया। सवा लाख रुपये कीमत से तैयार हुए इस वाहन की मदद से अब पवन डिलीवरी ब्वॉय का काम करेंगे और अपने पैरों पर खुद खड़ा हो सकेंगे।
बता दें कि यह इलेक्ट्रिक बाइक चेन्नई से बनवाई गई है और इसकी कीमत सवा लाख रुपये है। यह एक बार में इलेक्ट्रिक से चार्ज होने के बाद 50 किलोमीटर तक चलती है। अब यह युवा इस मोटर साइकिल की मदद से डिलीवरी ब्वॉय का काम करेगा। युवा पवन साल्वी कलेक्टर कार्यालय में इस गाड़ी के मिलने के बाद बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि अब मैं अपने पांव पर खड़ा हो सकूंगा और अपना जीवन-यापन खुद कर सकूंगा।
ये है गाड़ी की खासियत...
- एक बार चार्ज होने पर 50 किलोमीटर चलेगी
- दिव्यांग के साइज के अनुरूप ही इसे बनाया जाता है
- इसकी कीमत मात्र सवा लाख रुपये है
जरूरतमंद दिव्यांगों की करेंगे मदद...
कलेक्टर इलैयाराजा टी ने कहा, जरूरतमंद दिव्यांगों को यह इलेक्ट्रिक वाहन दिलाकर उन्हें पैरों पर खड़ा होने में मदद की जाएगी। इसके लिए इंदौर के दानदाताओं से संपर्क किया गया है, उनकी मदद से वाहन दिलाए जाएंगे।
मैं अब अपना बेहतर भविष्य बना सकूंगा...
अमर उजाला से बातचीत में पवन ने बताया कि अब मैं डिलीवरी ब्वॉय का काम करके अपना बेहतर भविष्य बना सकूंगा। उन्होंने इस मदद पर शहरवासियों का धन्यवाद अदा किया, जिनकी मदद से उन्हें यह वाहन मिल सका।