मुख्यमंत्री ने खरगोन में रोड शो भी किया।
- फोटो : amar ujala digital
मुख्यमंत्री मोहन यादव साल के पहले दिन निमाड़ के सबसे बड़े जिले खरगोन के दौरे पर थे। यहां उन्होंने इंदौर संभाग की बैठक ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस का अपना बैंड होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस बैंड में पर्याप्त संख्या में सदस्य रहें। होमगार्ड के जवानों को भी पुलिस बैंड में शामिल किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री के सख्त तेवर दिखाई दिए और उन्होंने धार जिले के कलेक्टर को बैठक में अनावश्यक बात करने पर चुप करा दिया।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि संभाग के जिलों की सीमाओं में असमानता है। जिसे दूर करने की जरुरत है। इसके लिए एक कमेटी बनाकर अध्ययन कराया जाए। पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर इंदौर संभाग में इसे शुरू किया जाए। इसके बाद प्रदेश के दूसरे संभागों के जिलों की सीमाएं पुर्ननिर्धारित की जाएगी।
उन्होंने थानों की सीमाओं के भी पुर्ननिर्धारण के निर्देश दिए। इस मामले में धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा अपने जिले की सीमा के बारे में कुछ कहने लगे तो मोहन यादव ने दो टूक शब्दों में कहा कि बैठक में आपका ध्यान किधर था। इस विषय पर चर्चा हो चुकी है और कमेटी बनने के लिए कहा जा चुका है। मुख्यमंत्री के तेवर देखकर बैठक में सन्नाटा पसर गया।
इंदौर में एमवाय जैसा एक और अस्पताल बने
बैठक में सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर के एमवाय अस्पताल में इंदौर संभाग से मरीज अाते है। प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा मरीज अस्पताल आ रहे है। इंदौर में एमवाय की तरह एक हजार बेड का एक और अस्पताल बनना चाहिए।
सभा में कहा-योजनाएं बंद नहीं होगी
खरगोन में मुख्यमंत्री ने रोड शो किया और एक सभा को भी संबोधित किया। उन्होंन कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो योजनाएं शुरू की थी, वह बंद नहीं होगी। गुना बस कांड को लेकर कहा कि इस तरह के कांड हमारी सरकार में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। हमने इस मामले में तत्काल एक्शन लिया है। उन्होंने कहा कि निमाड़ प्रदेश के विकास का पहिया है। निमाड़ के प्रोजेक्टों में अब गति आएगी।
ममलेश्वर में किए दर्शन
सैलानी टापू से मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह ओंकारेश्वर पहुंचे,ने लेकिन ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के दर्शन करने नहीं गए। साल के पहले दिन भक्तों की भीड़ ज्यादा होने के कारण वे दक्षिण तट के ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के मंदिर दर्शन करने पहुंचे।उन्होंने मंदिर गर्भगृह में बैठकर पूजन पाठ व अभिषेक किया।