छोटा बांगड़दा क्षेत्र में अवैध निर्माण पर जेसीबी चलाई गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर में सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लगातार कार्रवाई हो रही है। गुरुवार को भी छोटा बांगड़दा क्षेत्र में अवैध 15 निर्माणाधीन मकान जमींदोज किए गए।
जानकारी के मुताबिक छोटा बांगड़दा रोड क्षेत्र में बगैर नक्शा मंजूर कराए 15 मकानों का निर्माण हो रहा था। मौके पर निगम का अमला पहुंचा और मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया। कुछ लोग विरोध करने भी पहुंचे, लेकिन अफसरों ने उन्हें दस्तावेज लाने के लिए कहा। तीन जेसीबी व एक पोकलेन का उपयोग कर अवैध निर्माणों को ढहाया गया। अफसरों ने जांच में पाया कि कॉलोनी के एक हिस्से में अवैध रूप से 15 बाय 40 वर्गफीट के प्लॉट पर छह भवन निर्माणाधीन मिले। इनमें दीवार निर्माण कार्य जारी था। निगम की रिमूवल टीम जेसीबी व पोकलेन से इन अवैध निर्माणों को तोड़ा।
इसके अलावा इसी कॉलोनी में एक अन्य पांच मकान दरवाजा हाइट तक बने हुए मिले और चार मकानों में तो छत भी डाली जा चुकी थी। निगम की रिमूवल टीम ने इन नौ मकानों को भी तोड़ा। निगम के भवन अधिकारी विवेश जैन के मुताबिक हमें उस क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी बसाने की सूचना मिली थी। इसके बाद हमने तहसीलदार व पटवारी से उस क्षेत्र का सीमांकन 10 दिन पहले करवाया था। जांच रिपोर्ट में शासकीय जमीन मिली। अब अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।