बैनरों से गायब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर
विधानसभा क्रमांक-1 में आयोजित दीपावली पुरस्कार एवं उपहार वितरण कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री और क्षेत्रीय विधायक कैलाश विजयवर्गीय की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। खास बात यह रही कि कार्यक्रम के बैनरों पर भी उनकी तस्वीर नजर नहीं आई। इसके बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं पार्षद पति मनोज मिश्रा ने किया था। इसमें भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि आयोजन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी माने जाने वाले नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था। ऐसे में मंत्री की अनुपस्थिति और बैनरों से उनकी तस्वीर गायब रहने को राजनीतिक नजरिये से देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
कौन हैं IPS अनुराग सुजानिया?: नौकरी छोड़कर चर्चा में आए, मुरैना-सागर शराब कांड से क्या है नाता?
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक मनोज पटेल से जब गुटबाजी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आयोजकों ने उन्हें कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था, इसलिए वह शामिल होने पहुंचे हैं।
वहीं, आयोजक मनोज मिश्रा ने बताया कि दीपावली के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें लोगों को उपहार वितरित किए गए। बैनरों पर कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने बैनर तैयार करवाए थे। उनसे भूल हो गई और पहले से इस्तेमाल हो रहे पुराने फोटो ही बैनरों पर लगा दिए गए।
फिलहाल, विधानसभा क्रमांक-1 के इस आयोजन को लेकर भाजपा के भीतर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। आयोजक ने तस्वीर गायब होने को कार्यकर्ताओं की भूल बताया है, लेकिन मंत्री की गैरमौजूदगी और उनके विरोधी खेमे के नेताओं की मौजूदगी ने आयोजन को सियासी चर्चा के केंद्र में ला दिया है।