इस कैफे संचालक के खिलाफ केस दर्ज।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर में एक कैफे संचालक को कपल कैबिन का विज्ञापन करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने उसे अश्लील माना और केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने कैफे पर छापा मारा तो संचालक फरार हो गया। कैफे छत्रीपुरा क्षेत्र में थाने के पास ही संचालित हो रहा था। विज्ञापन में 99 रुपये प्रति घंटे की दर से युगलों को कैबिन देने का वादा किया गया था।
छत्रीपुरा में थाने से चंद मीटर की दूरी पर दीपेश जैन कैफे संचालित करता है। कैफे में युगलों को कैबिन सुविधा भी दी जाती है। कैफे संचालक ने यूट्यूब कलाकारों से एक विज्ञापन तैयार कराया। इसमें दिखाया गया कि कपल को शहर में मिलने की जगह नहीं है और उन्हें कैफे में आने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इसमें कपल को निजी पल व्यतीत करने की इजाजत की बात भी कही गई थी।
यह विज्ञापन इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। इसकी जानकारी पुलिस को लगी, तो अफसरों ने कैफे संचालक को थाने बुलाया। दीपेश कैफे पर ताला लगाकर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने दीपेश के खिलाफ अश्लीलता फैलाने के मामले में धारा 292 के तहत केस दर्ज कर लिया।
जिस बिल्डिंग में कैफे संचालित हो रहा है। उसके निर्माण को लेकर भी पहले काफी विवाद हुआ था। अब पुलिस कैफे संचालक की तलाश में छापे मार रही है।