इंदौर में एक होटल कारोबारी ने 30 वर्ष की आयु में आत्महत्या कर ली। उसने घर में रखी अवैध पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या की। उसने सात पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। घर की दीवारों पर भी कई मैसेज लिखे हैं।
हीरा नगर थाने के टीआई पप्पू लाल शर्मा के मुताबिक घटना दीनदयाल नगर की है। यहां रहने वाले होटल संचालक आदित्य (30) पुत्र नंदकुमार शर्मा ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आदित्य संभवतः डिप्रेशन का शिकार था। उसने घर की दीवार पर भी कई बातें लिखी हैं। पुलिस के मुताबिक उसमें एक संत के नाम का भी जिक्र है जिन्होंने कुछ समय पहले गोली मारकर जान दी थी। आदित्य ने अपनी मौत का जिम्मेदार भी खुद को बताया है। टीआई शर्मा ने बताया कि परिवार में मां और भाई हैं जो घटना के समय ऊपर वाले कमरे में थे। वहीं आदित्य ने नीचे वाले कमरे मे आत्महत्या की।
30 साल की उम्र में ही सोच लिया था सुसाइड करने का
आदित्य ने सात पन्नों का सुसाइड नोट भी लिखा था। आदित्य ने लिखा कि उसने सात साल पहले ही 30 साल की उम्र होने पर सुसाइड करने का सोच लिया था। आदित्य ने सुसाइड से पहले टीवी, दरवाजों सहित दीवारों पर भी मैसेज भी लिखे हैं। ये मैसेज परिवार और दोस्तों के लिए लिखे हैं। एक मैसेज में उसने लिखा है कि सारे गेट मैंने ही खोले हैं। मेरे मरने की खबर सबसे पहले पुलिस को देना। मेरे किसी सामान को हाथ मत लगाना। सुसाइड नोट में उसने खुद को सिद्धू मूसेवाला का फैन बताया है।
दोस्तों के लिए छोड़ गया गिफ्ट
एक नीले रंग की थैली पर आदित्य ने लिखा कि इसमें कुछ गिफ्ट रखे हैं। जो मैं गोवा से दोस्तों के लिए लाया था लेकिन उन्हें दे नहीं सका। इन गिफ्ट को मेरे सभी दोस्तों को दे देना। कौन सा गिफ्ट किसे देना है उस पर दोस्त का नाम लिखा है।