बस ने सड़क पर एक और युवक की जान ले ली। युवक बड़वानी से नौकरी की तलाश में इंदौर आया था तभी कनाड़िया रोड पर वह हादसे का शिकार हो गया। घटना बुधवार की है। हादसे में गंभीर घायल युवक को उपचार के लिये एमवाय में भर्ती कराया गया था। यहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।पुलिस बस की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
कनाड़िया पुलिस के मुताबिक सनावर (35) पुत्र राजमल मवेड़ा की गुरुवार को मौत हो गई। बुधवार को कनाड़िया पेट्रोल पंप के पास सनावर को एक बस ने चपेट में ले लिया था। उसे घायल अवस्था में डायल-100 एम्बुलेंस ने एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस के मुताबिक टक्कर मारने वाले वाहन को लेकर तलाश की जा रही है। सनावर के परिवार में उसकी पांच बहन और चार भाई हैं। वह मूल रूप से बड़वानी जिले का रहने वाला है।
काम की तलाश में इंदौर आया था
सनावर के परिवार के लोगों ने बताया कि वह कुछ समय से इंदौर में काम की तलाश कर रहा था। उसे रेती-गिट्टी सप्लायर के यहां काम मिल गया था और कुछ दिन से वहीं पर काम कर रहा था। वह अपनी बहन अनीता के घर पर खजराना में रुका हुआ था।