इंदौर में एक व्यापारी ने गुरुवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। उसने पांच पन्ने के सुसाइड नोट में एक एसआई और एसटीएफ में पदस्थ एक सिपाही सहित आधा दर्जन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। व्यापारी ने लिखा है कि उसे झूठे केस में फंसाया गया और उसके बाद से पुलिसकर्मी उससे लाखों रुपए वसूल कर चुके थे। डिमांड इतनी बढ़ गई थी कि वह उसे धमकाकर पत्नी के जेवर तक मांग रहे थे। व्यापारी ने भंवरकुआ इलाके की द ग्रांड होटल में गुरुवार रात सुसाइड किया। भंवरकुआ पुलिस ने बताया कि राजीव पुत्र सुधीर प्रसाद शर्मा निवासी रायल बंग्लो ने सुसाइड किया है। पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें पुलिस के एसआई महेश चौहान और एसटीएफ के सिपाही प्रशांत परिहार के नाम लिखे हैं। इसके अलावा जिस बिल्डिंग में राजीव अपना शोरूम संचालित करते थे उसके मालिक अशोक गोयल और दुकान के कर्मचारी विकास जड़िया और उसकी मां नर्मदा बाई समेत कई अन्य लोगों के नाम भी लिखे हैं।
विज्ञापन
सुसाइड से पहले 15 हजार रुपए लेकर निकला था वह भी छीन लिए
राजीव ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि वह गुरुवार दोपहर घर से 15 हजार रुपए लेकर निकला था लेकिन उसे भी एसटीएफ के सिपाही प्रशांत परिहार के साथी ने रास्ते में छीन लिए। जिसके बाद वह होटल में आया और फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त किया है। अफसर मामले की जांच में जुट गए हैं।