इंदौर में जारी 'खेलो इंडिया खेलो स्पर्धा' के तहत फुटबॉल, वेट लिफ्टिंग, कबड्डी, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस सहित कई प्रतियोगिताएं हो रही हैं। इस दौरान कुछ खिलाड़ी चोटिल भी हो रहे हैं। मंगलवार को वेट लिफ्टिंग के दौरान 139 किलो का वजन उठाने के दौरान अरुणाचल प्रदेश के वेट लिफ्टर तीकू के बाएं हाथ की कलाई मुड़ गई। उनकी मांसपेशियों में खिंचाव भी आ गया। दाएं हाथ की उंगली में भी चोट आई है।
स्टेडियम में मौजूद मेडिकल टीम ने घायल वेटलिफ्टर तीकू का उपचार किया। चोटिल होने के कारण वजन नहीं उठा पाने के कारण पदक से वंचित रहने का दुख भी खिलाड़ी के चेहरे पर था। डॉक्टर ने उसे तीन-चार दिन वजन नहीं उठाने की सलाह दी।
मांसपेशियों में खिंचाव के केस ज्यादा
खेलो इंडिया खेलो में मेडिकल स्टॉफ भी तैनात है। वह घायल होने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिक उपचार देता है। स्टॉफ के डॉक्टर विनय मेश्राम बताते हैं कि अभी तक कोई गंभीर केस नहीं आया है। ज्यादातर खिलाड़ी मांसपेशियों के खिंचाव की शिकायत लेकर आते हैं। वेट लिफ्टिंग में वेट लिफ्टर को जर्क भी लगता है और शरीर में दर्द भी होता है। कई वेट लिफ्टर भी दवा लेकर आते हैं।
145 किलो ग्राम वजन उठाने वाले अरुणाचल के शकल को स्वर्ण
वेट लिफ्टिंग में अलग-अलग राज्यों के वेट लिफ्टर आए थे, लेकिन स्वर्ण पदक अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टर शकल को मिला। उसने 145 किलो ग्राम का वजन उठाया था।
वाटर स्लैलम में फिर स्वर्ण
उधर, महेश्वर में चल रही वाटर स्लैलम स्पर्धा में फिर मध्यप्रदेश ने स्वर्ण पदक जीता है। विशाल वर्मा मंगलवार को विजेता रहे। इसके अलावा भूमि बघेल को भी पुरस्कार मिला। सोमवार को प्रदुम्न और मानसी ने दो स्वर्ण पदक जीते थे।