इंदौर की चोइथराम मंडी में दो नाबालिगों को रस्सी से सब्जी वाहन में बांध कर घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने दोनों किशोरों को अमानवीय सजा देने वाले ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया है। वह इंदौर के पास काटकूट गांव का रहने वाला है और इंदौर से आलू-प्याज खरीदकर ग्रामीण हाट में बेचता है। राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का नाम सुनील वर्मा है। उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
सुनील ने पुलिस को बताया कि मंडी में उसके 10 हजार रुपये चोरी हो गए थे। मंडी में काम करने वाले हम्मालों ने अहीरखेड़ी में रहने वाले दो नाबालिगों के नाम लिए थे। जब मैंने दोनों किशोरों से रुपये के बारे में पूछा तो वह बताने को तैयार नहीं थे। सच उगलाने के लिए मैने दोनों को रस्सी से बांध कर घसीटा था। दोनों नाबालिगों का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने घसीटने वाले युवक सुनील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोनों को जिस रस्सी से बांधा था, वो रस्सी भी पुलिस ने बरामद की है। बता दें, 29 अक्टूबर को किशोरों के साथ बेरहमी से मारपीट करने की घटना सामने आई थी।
इस घटना के बाद मंडी की अव्यवस्था भी उजागर हुई है। मंडी बोर्ड ने तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा अधिकारी सहित नौ सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया है। व्यापारियों का कहना है कि पास की बस्ती के किशोर मंडी में आकर नशा करते हैं और नशे में चोरी की वारदातों को भी अंजाम देते हैं। सुरक्षाकर्मी मंडी में आने वाले अंजान लोगों के खिलाफ कभी सख्त रवैया नहीं अपनाते हैं।