इंदौर के नेमावर रोड पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। वे गांव से इंदौर आ रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक निजी ट्रेवर्ल्स की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बस की स्पीड इतनी थी कि बाइक के तीन टुकड़े हो गए और उस पर सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि तीसरे युवक की मौत अस्पताल में हुई। पुलिस ने बस जब्त कर ली और तीनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना दुधिया रोड पर शुक्रवार दोपहर हुई। तीन युवक एक ही बाइक पर भंगार का सामान खरीदने इंदौर आ रहे थे। बाइक पर सवार साजिद पिता हमीद, हनीफ पिता बाबू खां और विजय बागली के निवासी थे।चापड़ा की तरफ से आ रही बस के चालक को बाइक सवार नजर नहीं आए और उसने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक उछली और उस पर सवार तीनों युवकों के सिर बस से टकराए और वे सड़क पर जा गिरे।
टक्कर से तीनों के सिर और पेट पर गंभीर चोटेें आई। दो ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि तीसरे युवक की मौत एमवाय अस्पताल मेें उपचार के दौरान हुई। तीनों युवक भंगार का काम करते है। वे इंदौर में एक पुराने मकान के टूटने पर निकले भंगार का सौदा करने आए थे। तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ गैैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।