पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे पांच बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, चाकू सहित अन्य सामान जब्त किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से कई अपराध पंजीबद्ध है।
परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनटीसी कलाली ग्राउंड में 4-5 व्यक्ति शराब पी रहे हैं और वे आपस में बातचीत करके परदेशीपुरा स्थित पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम वहां पहुंची। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर पांच युवक बैठकर शराब पीते मिले। वे परदेशीपुरा स्थित पेट्रोल पंप को लूटने की बात कर रहे थे। बोल रहे थे की इस दौरान कोई बीच में आता है तो उस पर गोली या चाकू से हमला कर देंगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करके उनको पकड़ा। आरोपियों के नाम पंकज उर्फ शानू पिता ब्रम्हानंद वर्मा (26) निवासी नंदानगर, जितेंद्र पिता ओमप्रकाश शर्मा (31) निवासी नंदानगर, आनंद उर्फ अन्नू पिता किशोर जाट (19) निवासी सर्वहारा नगर, विशाल उर्फ बाबू उर्फ बिसलरी पिता सुभाष बाथरी (26) निवासी नंदानगर और राहुल उर्फ बारीक पिता शरद पंवार (22) वर्ष निवासी परदेशीपुरा हैं। सभी के खिलाफ कई केस दर्ज हैं और ये सभी आदतन अपराधी हैं। पंकज कुछ समय पहले जिलाबदर से छूटा है। पुलिस ने इनकी तलाशी ली तो इनके पास एक देशी पिस्टल, जिंदा राउंड, 1 स्क्रूड्राइवर, 2 चाकू और एक टामी मिली। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया। अन्य वारदातों आदि के संबंध में पूछताछ की जा रही है।