देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डा इंदौर
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से बीते दिनों से चल रहा उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला लगातार जारी है। शुरुआती दौर में उम्मीद थी कि आने वाले समय में स्थिति सामान्य हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लगातार उड़ाने निरस्त हो रही है। सोमवार को इंदौर से आने-जाने वाली 22 उड़ाने निरस्त हुई।
दरअसल कोरोना संक्रमण के बढ़ने के कारण विमानों में यात्रियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। कोरोना संक्रमण के भय के चलते यात्री भी सफर करने से बच रहे हैं। इसके चलते एयरलाइंस को नुकसान हो रहा है। यही कारण है कि लगातार उड़ाने निरस्त होती जा रही है। सोमवार को 22 उड़ाने निरस्त हुई। इनमें इंदौर से जाने वाली और इंदौर आने वाली उड़ाने शामिल है। जानकारी के मुताबिक इंदौर से दिसंबर माह में रोजाना 66 उड़ानों का संचालन होता था, लेकिन सोमवार को इंदौर से सिर्फ 44 उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है। इस तरह 22 उड़ाने निरस्त रही। इस माह में पहली बार एक साथ इतनी उड़ान निरस्त हुई है। उड़ानों के निरस्त होने से प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में भी तेजी से गिरावट आ रही है। दिसंबर में सात हजार के आसपास यात्री सफर करते थे लेकिन अब संख्या केवल तीन हजार तक रह गई है। बताया जा रहा है कि देश में बढ़ते कोरोना के मामलों और इस पर नियंत्रण के लिए अलग-अलग राज्यों द्वारा लगाई गई सख्तियों को देखते हुए हवाई यात्रियों की संख्या में पिछले करीब एक माह से लगातार गिरावट देखी जा रही है। सोमवार को निरस्त उड़ानों में इंदौर से अहमदाबाद, चेन्नई, प्रयागराज, जबलपुर, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बैंगलुरु की जाने और आने वाली उड़ानें शामिल हैं।