अंधेकत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में एक युवक को पकड़ा है। आरोपी का कहना है कि मृतक उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। उस पर कमेंट करता था। इस कारण उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद महाराष्ट्र भाग गया था।
पंढरीनाथ थाना पुलिस ने बताया कि 9-10 दिसंबर की मध्यरात्रि में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गौतमपुरा मोहल्ले में घायल अवस्था में पड़ा है। घटनास्थल जाकर उक्त व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच कर कहा कि इसकी मौत हो गई है। पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई तो उसकी पहचान आकाश पिता राजू धनगर निवासी कबूतर खाना के रूप में हुई। शरीर पर चोट के निशान देखकर पुलिस को हत्या का मामला लगा। अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस इसकी जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज देखे और मृतक के साथ रहने वाले दोस्तों के बारे में पता किया। आसपास के लोगों से भी चर्चा की गई। इसी बीच पुलिस को कुछ लोगों ने बताया कि बड़े बाल और चोटी वाला एक लड़का यहां नजर आया था। उसी ने आकाश की हत्या की होगी। इसके बाद पुलिस बड़े बाल और चोटी वाले की तलाश में जुटी तो संदेही पवन पिता दगडू दाबाड़े (22) को पकड़ा। वह चंद्रभागा हनुमान मंदिर के सामने किराए से रहता था। उसके घर पहुंचे तो पता चला कि वह अपने गांव तेल्हारा जिला अकोला महाराष्ट्र चला गया है। संदेही की तलाश में तेल्हारा अकोला (महाराष्ट्र) के लिए पुलिस दल भेजा गया। वहां से संदेही को पकड़कर पुलिस इंदौर लेकर आई और पूछताछ की।
पत्नी पर करता था गलत कमेंट
पूछताछ करने पर पवन ने बताया कि आकाश धनगर की हत्या उसी ने की है। पत्थर की फर्शी के टुकड़े से सिर में कई वार किए थे। इसके बाद ट्रक में बैठकर बुरहानपुर गया और वहां से बस पकड़कर अकोला चला गया। पुलिस ने हत्या के कारणों के बारे में पूछा तो उसने बताया कि आकाश उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। तीन माह पहले पत्नी मेडिकल चेकअप के लिए गई थी तो आकाश ने उसे रोककर कहा था कि तू बहुत अच्छी लगती है। गलत कमेंट भी करता रहता था। इसी कारण उससे रंजिश थी और मौका पाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक आकाश वर्ष 2016 में शेखर नगर में हुए जघन्य हत्याकांड का आरोपी रहा है और उसके खिलाफ पंढरीनाथ, सदर बाजार, मल्हारगंज में अपराध दर्ज हैं।