भारतीय रेल अब लोगों को भारत दर्शन करवाने के लिए विशेष पर्यटन ट्रेनें शुरू कर रहा है। अगले महीने से इंदौर से दो ट्रेनें शुरू होगी जिसका संचालन इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म लिमिटेड (आईआरसीटीसी) कर रहा है। विशेष पर्यटन ट्रेनों द्वारा यात्रियों को विभिन्न राज्यों में स्थित ज्योतिर्लिंग, तिरूपति, स्टेचू ऑफ यूनिटी की यात्रा करवाई जाएगी। इन ट्रेनों में यात्रियों को पूरा पैकेज दिया जा रहा है। इसमें तीन समय भोजन के अलावा घूमने के लिए बसों की सुविधा भी दी जाएगी।
दरअसल कोरोना संक्रमण में कमी आने के बाद भारतीय रेल द्वारा पर्यटन ट्रेनों के संचालन की कवायद की जा रही है। इसके तहत आईआरसीटीसी ने भारत दर्शन एवं पिलग्रिम विशेष पर्यटक ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों में बुकिंग शुरू हो गई है। 25 मार्च को इंदौर से मल्लिकार्जुन व दक्षिण भारत दर्शन यात्रा ट्रेन रवाना होगी। इंदौर से यह ट्रेन चलेगी जो देवास, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, होशंगाबाद, इटारसी, बैतूल, नागपुर, सेवाग्राम एवं बल्लारशाह स्टेशनों से गुजरेगी। इन स्टेशनों से भी यात्री ट्रेन में बैठ सकते हैं। 10 दिनों की इस यात्रा में मल्लिकार्जुन, कांचीपुरम, रामेश्वरम, मदुरई एवं कन्याकुमारी के मंदिरों के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके लिए यात्रियों को 9,450 रुपये स्लीपर श्रेणी एवं 15,750 ( एसी-3 श्रेणी) प्रति व्यक्ति का भुगतान करना होगा। इस राशि में चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन शामिल रहेगा। स्लीपर कोच के यात्रियों को लॉज, डोरमेट्री या धर्मशाला जबकि थर्ड एसी के यात्रियों को नॉन-एसी बजट होटल में रात्रि विश्राम की सुविधा और घूमने के लिए बस खर्च भी इसमें शामिल रहेगा। टिकट शुल्क में ही यात्रियों के चार लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी रहेगा।
28 मार्च को रीवा से चलेगी पिलग्रिम विशेष पर्यटन ट्रेन
इसी तरह 28 मार्च को रीवा से पिलग्रिम विशेष पर्यटन ट्रेन रवाना होगी। यह ट्रेन यात्रियों को नौ ज्योतिर्लिंगों के साथ तिरुपति, स्टेच्यू आफ यूनिटी और दो धाम के दर्शन के लिए ले जाएगी। रीवा से होकर ट्रेन सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, होशंगाबाद, रानी कमलापति, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास, इंदौर, उज्जैन, नागदा, रतलाम, गोधरा एवं वड़ोदरा स्टेशनों से होते हुए जाएगी। यहां से भी यात्री इस ट्रेन पर सवार हो सकेंगे। 16 दिनों की इस यात्रा में द्वारका, सोमनाथ, नासिक, औरंगाबाद, परभनी, परली, मल्लिकार्जुन, तिरूपति, रामेश्वरम, मदुरई, भीमाशंकर के मंदिरों के साथ ही स्टेच्यू आफ यूनिटी के दर्शन करवाए जाएंगे। यात्रियों को 15,120 रुपये (स्लीपर श्रेणी) एवं 25,200 रुपये ( एसी-3 श्रेणी) प्रति व्यक्ति का खर्च उठाना होगा, जिसमें पहली ट्रेन की तरह सारी सुविधा मिलेगी। इस यात्रा में श्रद्धालुओं की हर सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान कोविड नियमों का पालन होगा।