इंदौर में बना राधास्वामी सत्संग ब्यास का कोविड सेंटर
- फोटो : ANI
अपने अनूठे सेवा कार्यों की वजह से देश में चर्चित राधास्वामी सत्संग ब्यास ने मध्यप्रदेश के इंदौर में दूसरा सबसे बड़ा कोविड सेंटर बनाया है। इसे मां अहिल्या कोविड केयर सेंटर नाम दिया गया है। यह जनसहयोग से तैयार किया गया है। इंदौर-खंडवा रोड पर बना यह सेंटर ब्यास का मप्र में सबसे बड़ा कोविड सेंटर है।
इस कोविड केयर सेंटर की शुरुआत 600 बेड से की गई है और इसे अधिकतम छह हजार भविष्य में 6 हजार बेड तक विस्तार किया जा सकेगा। यहां भर्ती होने वाले संक्रमितों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं जुटाई गई हैं। मरीजों के इलाज के लिए इंदौर के डाॅक्टरों की टीमें गठित की गई हैं। सेवा कार्यों के लिए राधा स्वामी न्यास से जुड़े स्वयंसेवक रहेंगे।
एसिम्टोमैटिक मरीजों को रखा जाएगा
इस सेंटर में एसिम्टोमैटिक यानी कोरोना के लक्षण रहित या कम संक्रमित मरीजों को रखा जाएगा। ऐसे मरीज जिनके घर में होम आइसोलेशन की सुविधाएं नहीं है या फिर जिन मरीजों की स्वास्थ्य की नियमित देखभाल करने वाला कोई नहीं है, उन्हें रखा जाएगा।
मरीजों को भर्ती करने के लिए यहां करें संपर्क
मां अहिल्या कोविड सेंटर में मरीजों को भर्ती करने के लिए 24 अप्रैल शनिवार से फोन नंबर 0731-2583838 पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
बता दें, मप्र व खासकर इंदौर में कोरोना संक्रमण भयावह रूप ले चुका है। शहर में लाॅकडाउन के बाद भी 1700 से ज्यादा रोज नए मरीज मिलने का सिलसिला बीते कई दिनों से जारी है। वहीं महामारी से मरने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।