टॉयलेट पर चिपकाए जावेद हबीब के पोस्टर
- फोटो : सोशल मीडिया
हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के खिलाफ आक्रोश कम नहीं हो रहा है। लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सोमवार सुबह कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। जावेद हबीब के पोस्टर लगे हुए डस्टबिन बांटे थे। इसी कड़ी में हिंद राष्ट्र संगठन ने टॉयलेट में जावेद हबीब के पोस्टर लगाए।
हिंद राष्ट्र संगठन के कार्यकर्ता सोमवार दिन में कलेक्टर कार्यालय के पास स्थित शौचालय में पहुंचे। वहां टॉयलेट पर जावेद हबीब के पोस्टर लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। हबीब के पोस्टर को सड़क पर रखकर जूते भी मारे। इस दौरान आसपास के कई लोग देखने के लिए रूके कि आखिर क्या हो रहा है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि हिंदू धर्म में महिलाओं का सिर पवित्र माना गया है। हबीब ने गंदी हरकत की है। इंदौर की जमीन पर कभी हबीब को पैर नहीं रखने देंगे। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पिछले दिनों करणी सेना ने प्रदर्शन किया था। करणी सेना ने 56 दुकान स्थित जावेद हबीब के आउटलेट्स के बाहर हंगामा किया था। कहा था कि इंदौर में हबीब के जितने भी आउटलेट्स चल रहे हैं उनको बंद किया जाए। विधायक आकाश विजयवर्गीय ने भी वीडियो जारी कर हबीब पर कार्ऱवाई की मांग की थी। इसी तरह सोमवार सुबह कांग्रेस ने जावेद हबीब के पोस्टर डस्टबिन पर चिपकाकर लोगों को बांटे थे।