क्राइम ब्रांच की टीम ने उल्लू और कछुए की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से जो उल्लू बरामद किया है उसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। इसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, इसी दौरान पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश जामरे निवासी महू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से उल्लू और कछुआ बरामद किया है। आरोपी इसे बेचने की फिराक में था। जो उल्लू बरामद किया गया उसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे वन विभाग के सुपुर्द किया है। उससे गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उल्लू को दीपावली पर महंगे दाम पर बेचने के लिए घर में ही वजन बढ़ाया जा रहा था। उल्लू कहीं से उसके खेत में आ गया था। जिसके बाद उसने उसे पकड़ लिया। अगर उल्लू का वजन करीब 4 किलो तक होता है तो कीमत एक से डेढ़ करोड़ तक मिल जाती है। तंत्र क्रिया में इसका प्रयोग होता है। इसी तरह कछुए को भी तंत्र क्रिया में प्रयुक्त किया जाता है।