होटल में तोड़फोड़ कर चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिस होटल में आरोपियों ने हंगामा किया था उसी होटल में पुलिस उनको ले गई। आरोपियों ने यहां बर्तन मांजे, झाड़ू लगाई और खाने की टेबलें साफ की।
दरअसल, 30 जनवरी की रात को रफीक परदेशी उर्फ पावडर, बेटा छोटू उर्फ फरीद उर्फ शाहरूख, आसिफ और एक अन्य नाबालिग खजराना क्षेत्र की एक होटल में खाना खाने गए थे। नशे में होने के कारण मालिक ने होटल में खाना खिलाने से मना करते हुए कहा कि पार्सल करवा लो। इस बात पर आरोपी को गुस्सा आ गया। वह गालीगलौज करके चला गया। थोड़ी देर बाद चारों आरोपी हाथ में चाकू लहराते हुए आए और होटल में तोड़फोड़ कर सामान फैलाना शुरू कर दिया। होटल संचालक को चाकू दिखाकर धमकाया और मारने दौड़े। भागकर उसने जान बचाई। होटल में खाना खा रहे दूसरे लोग भी घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। होटल से निकलने के बाद बदमाशों ने पूरी सड़क पर चाकू लहराते हुए राहगीरों के साथ भी गालीगलौज की। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक आरोपी भाग गए। आठ दिन से पुलिस आरोपियों को खोज रही थी। सोमवार को जब उनके क्षेत्र में घूमने की जानकारी मिली तो घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों को उसी होटल में ले गई और वहां काम करवाया। आरोपियों ने होटल में झाडू लगाई, बर्तन मांजे, खाना खाने के बाद गए लोगों की टेबलें भी साफ की। होटल मालिक से माफी मांगते हुए कहा कि वे आज के बाद गुंडागर्दी नहीं करेंगे, क्योंकि गुंडागर्दी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है। लोगों से माफी मांगते हुए कहा उस दिन जो भी हुआ वह नशे में हुआ था।