पत्नी को ससुराल से वापस न भेजने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 3 मई को ही युवक ने प्रेम विवाह किया था। पत्नी के घरवाले उसे भेजने के लिए युवक के पिता से 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे, जिसे पिता ने मना कर दिया था। इसके चलते युवक ने आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम अंकित पिता पप्पू चौहान (23) निवासी द्वारकापुरी है। उसने 3 मई को शिवानी (22) नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। बिजासन माता मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद वह पत्नी को लेकर अपने पिता के यहां ओंकारश्वर गया था। यहां पहुंचते ही अगले दिन शिवानी के पिता ने बेटी को फोन लगाकर उसे इंदौर बुला लिया। शिवानी के पिता ने कहा वह शादी से नाराज नहीं है। जैसे ही शिवानी गंगानगर पहुंची उसे पिता ने कमरे में बंद कर दिया। पिता उसे बाहर नहीं निकलने दे रहा था। इसके बाद अंकित ने ससुर अशोक से बात की तो उन्होंने कहा कि शिवानी को भेजने के बदले 50 हजार रुपये देना पड़ेंगे। यह हमारे यहां का रिवाज है। अंकित ने अपने पिता से बात की तो पिता ने कहा कि हम बहू खरीदकर नहीं लाएंगे। अंकित के पास भी रुपये नहीं थे, इसके चलते वह तनाव में घिर गया।
अंकित के चचेरे भाई कमलेश के अनुसार अंकित का छोटा भाई पीयूष इंदौर में ही अलग से किराये का मकान लेकर रहता है। वह औऱ अंकित दोनों कपड़ा मार्केट में नौकरी करते हैं। पीयूष ने बताया कि अंकित ने गुरुवार की शाम को मुझे एसएमएस भेजा था जिसमें लिखा था 'मिस यू पापा'। मुझे लगा कि पत्नी के न आने से वह तनाव में है इसलिए गंभीरता से नहीं लिया। बाद में पड़ोसियों ने अंकित की आत्महत्या की सूचना दी। पुलिस की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंकित फंदे पर लटका हुआ था। दीवार पर पत्नी शिवानी का नाम और उसका मोबाइल नंबर लिखा था। पूरे कमरे का सामान फैला हुआ था। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अंकित का मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिया है। मोबाइल में कुछ ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और नंबर मिले हैं। पुलिस जांच कर रही है।