योजना का निरीक्षण करते आईडीए अध्यक्ष चावड़ा
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने शनिवार को टीपीएस- 8 योजना का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान योजना के तहत होने वाले कामों की पूरी जानकारी ली और संबंधितों को इसके लिए जरूरी निर्देश दिए।
टीपीएस-8 योजना के अंतर्गत ही एमआर-12 का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस प्रकार एमआर-12 प्रस्तावित मार्ग के संपूर्ण भूमि क्षेत्र का अध्यक्ष ने निरीक्षण किया। यह मार्ग बायपास के पास अरंडिया से भवरासला (उज्जैन मार्ग ) को जोड़ेगा। इस मार्ग पर एक हाई लेवल ब्रिज एवं एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। आईडीए अध्यक्ष चावड़ा ने बताया कि शीघ्र ही इनका निर्माण किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसका निर्माण दोनों छोर से शुरू करने के भी निर्देश दिए हैं ताकि उज्जैन रोड से बायपास तक पहुंचने के लिए एक सुगम मार्ग उपलब्ध हो सके। साथ ही इस पर स्थित आवासीय क्षेत्र को भी सुगम मार्ग उपलब्ध होगा एवं क्षेत्र का व्यवस्थित विकास संभव हो सकेगा। इसके अतिरिक्त भारी वाहन भी शहर में प्रवेश किए बिना उज्जैन रोड से बायपास पर सीधे आ सकेंगे।