संबोधित करते गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा
- फोटो : सोशल मीडिया
मप्र के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने माना है कि मप्र में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। इंदौर की स्थिति पर भी चिंता जताई है। मिश्रा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधकर कहा कि दिग्वियसिंह हमेशा से ही जनजाति व आदिवासियों के विरोधी रहे हैं।
बुधवार को गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा इंदौर पहुंचे थे। वे रेसीडेंसी में आयोजित रोजगार मेले में आयोजित हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की। मिश्रा ने कहा कि मप्र में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। संक्रमण दर 4.56 प्रतिशत हो गई है। आज बच्चों का सूर्य नमस्कार होना था जिसे निरस्त किया गया है। दूसरे राजनीतिक कार्यक्रम भी निरस्त किए हैं। सरकार तीसरी लहर को काबू करने में लगी हुई है। मुख्यमंत्री रोज इसकी समीक्षा कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा कि दिग्वियसिंह हमेशा से ही जनजाति व आदिवासियों के विरोधी रहे हैं। दिग्विजयसिंह जब मुख्यमंत्री थे, तब उप मुख्यमंत्री जमना देवी थी। उन्होंने कहा था कि मैं दिग्विजयसिंह की भट्टी में जल रही हूं। शिवभानसिंह सोलंकी जो उस समय मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे। उन्होंने बनने नहीं दिया था। उन्होंने जो ट्वीट किया है कि दुपट्टा महामहिम डाले हुए हैं, यह वह दुपट्टा है जो कि हेलीकॉप्टर से उतरते समय उन्हें किसी कार्यकर्ता ने डाल दिया था। इस तरह का ट्वीट कर वे विषयानंतर करते हैं, जो निंदनीय है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार की नीयत नहीं कि पंचायत चुनाव कराएं, इस पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि हम कुछ भी करेंगे तो वे कमियां निकालेंगे ही। हमने अब तारीख दे दी तो इसमें कमी निकाल रहे हैं।
मप्र में है रोजगार की अपार संभावनाएं
युवाओं को रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि मप्र सरकार सर्वांगीण व चहुंमुखी सोच रखकर काम कर रही है। जो सर्वे रिपोर्ट आई थी उसमें भी इंफ्रास्ट्रक्चर पर 40 हजार करोड़ से ज्यादा निवेश सरकार ने किया। सर्वाधिक रोजगार मप्र ने दिया। इधर युवा दिवस को बुधवार को रोजगार दिवस के रूप में मनाया गया। जाल सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में प्रतीक के रूप में 127 युवाओं को साढ़े 14 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का वितरण किया। पूरे जिले में लगभग 40 हजार युवाओं को लाभान्वित किया गया। इन युवाओं को स्वरोजगार के लिए 228 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई। संबोधन के दौरान गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्यप्रदेश में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना जैसी आपदा को भी रोजगार के अवसर में बाधा नहीं बनने दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि मध्य प्रदेश में नित-नए रोजगार का सृजन हो, इसके लिए युवाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी भरपूर राशि खर्च की गई है। हमारी सरकार गांव, गरीब और किसानों के प्रति संवेदनशील सरकार है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इंदौर सफाई में देश में अग्रणी बना, उसी तरह रोजगार के अवसर देने में भी अग्रणी बनेगा। कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि रोजगार दिवस पर इंदौर जिले में 40 हजार युवाओं को 228 करोड़ से अधिक राशि की स्वीकृति तथा वितरण पत्र सौंपे गए। जिले में उक्त युवाओं को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथकर विक्रेता योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम आदि के तहत लाभान्वित किया गया।