बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या का मामला सुलझ गया है। पोते ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर दादी की हत्या की थी। पहले दादी का गला घोंटा और बाद में दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र की है। यहां जमनबाई (75) की नृशंस हत्या कर दी गई थी। शव को गोबर गैस के गड्ढे में गाड़ा था। महिला के पैर कटे हुए थे। दोनों पैरों में चांदी के मोटे कड़े थे जो गायब थे। पुलिस ने इस मामले में महिला के दो पोतों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने बताया था कि बुजुर्ग महिला 11 फरवरी से लापता थी। परिजन ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। महिला के पांच बेटे और एक बेटी है। वह गिरधारी नामक बेटे के परिवार के साथ रहती थी। गिरधारी की मौत हो चुकी है। संदेह के आधार पर गिरधारी के दोनों बेटों को हिरासत में लिया था क्योंकि पता चला था कि हत्या के कुछ समय पहले महिला का अपने पोतों से चांदी के कड़ों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि महिला के एक पोते की शादी के लिए रुपयों की जरुरत थी। दादी से रुपये भी मांगे थे लेकिन मना कर दिया था। इसके बाद चांदी के कड़े मांगे, लेकिन दादी ने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को पोतो पर ही शक हुआ।