इस तरह भरकर रखे थे नकली मिर्च पॉवडर के पैकेट
- फोटो : सोशल मीडिया
अगर आप ब्रांडेड कंपनी के मिर्च पॉवडर को पसंद करते हैं तो एक बार यह खबर पढ़ लीजिए। क्योंकि अब ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली माल बेचा जा रहा है। इसी मामले में क्राइम ब्रांच इंदौर ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वे नकली मिर्च पॉवडर बनाकर पुष्प ब्रांड नाम से बाजार में बेच रहे थे।
मिर्च पॉवडर के पैकेट सहित अन्य सामग्री पुलिस ने की जब्त
- फोटो : सोशल मीडिया
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना परदेशीपुरा क्षेत्र में पुष्प ब्रांड का नकली लाल मिर्च पॉवडर बनाकर बाजार में बेचा जा रहा है। इस पर टीम पहुंची और मौके से श्याम पिता स्व. उमेश अग्रवाल (42) निवासी परदेशीपुरा इंदौर और मोहित अग्रवाल पिता उत्तम कुमार अग्रवाल (38) निवासी कालिन्दी गोल्ड सिटी इंदौर को हिरासत में लिया। श्याम के घर की तलाशी लेने पर वहां से खड़ी लाल मिर्च के 11 कट्टे मिले। नकली पुष्प ब्रांड लाल मिर्च पॉवडर के 880 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट पांच सौ ग्राम का था। इस तरह कुल 440 किलो लाल मिर्च पॉवडर, पिसाई मशीन, पैंकिग मशीन, सिलाई मशीन तथा तोल कांटा जब्त किया। जब्त माल की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। आरोपियों ने बताया कि वे करीब छह-सात महीनों से पुष्प ब्रांड की तरह दिखने वाली वाली नकली लाल मिर्च पॉवडर बना रह हैं। इसके लिए लाल मिर्च तथा पुष्प ब्रांड की तरह दिखने वाली पैकिंग पन्नी राज्य के बाहर से प्रिंट करवाकर बुलवाते थे। दोनों के खिलाफ परदेशीपुरा थाने में केस दर्ज किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।