पोलोग्राउंड रोड पर प्रथम वाहिनी एसएएफ गेट के सामने मिले शव के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई थी। अवैध वसूली और रंगदारी का विवाद था।
पुलिस ने बताया कि 1 फरवरी की रात को पोलोग्राउंड रोड पर प्रथम वाहिनी एसएएफ गेट के सामने खून से सनी लाश मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान गुलशन उर्फ कालू पिता सुदामा खेमचंदानी (30) निवासी संतराम सिंधी कॉलोनी उज्जैन हालमुकाम द्वारकापुरी इंदौर के रूप में हुई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने उज्जैन नानाखेड़ा बस स्टैंड एवं सरवटे बस स्टैंड जाकर पता किया जिसमें जानकारी मिली कि मृतक गुलशन उर्फ कालू सिंधी का निहाल गोस्वामी नाम के व्यक्ति से विवाद था। आरोपी निहाल गोस्वामी ने वाट्सएप पर कालू को मारने की बात लिखी थी। पुलिस ने निहाल पिता अजय गोस्वामी (23) निवासी गोविंद नगर बाणगंगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने जुर्म कुबूल किया और बताया कि मृतक गुलशन उर्फ कालू से अवैध वसूली एवं रंगदारी को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के परिणाम स्वरुप रात को साथियों गौरव पिता नागूसिंह सोलंकी (24)निवासी इंदौर, अभिषेक पिता फूलसिंह यादव (21) निवासी बाणगंगा इंदौर, रिंकू गोस्वामी , विशाल काला के साथ मिलकर लोहे के सरिया, लाठी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी निहाल गोस्वामी, गौरव सोलंकी, अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर व्हील पाना, लकड़ी का पट्टा व पत्थर जब्त किए। आरोपी निहाल का भाई रिंकू गोस्वामी एवं गौरव सोलंकी का भाई विशाल काला फरार है। मृतक गुलशन उर्फ काला के खिलाफ इंदौर के थाना बाणगंगा एवं द्वारकापुरी तथा उज्जैन के थाना नीलगंगा एवं थाना नानाखेड़ा में हत्या, हत्या का प्रयास एवं अवैध वसूली के प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना दिनांक को भी मृतक कालू सिंधी से निहाल का विवाद हुआ था। रात को कालू सिंधी द्वारा कंडक्टर गौरव सोलंकी से बस में विवाद किया तब गौरव सोलंकी ने अपने भाई विशाल सोलंकी व साथी निहाल गोस्वामी, अभिषेक यादव, रिंकू गोस्वामी को पोलोग्राउंड पर बुलाकर कालू सिंधी साथ मारपीट कर हत्या कर दी।