इस तरह पेचकस लेकर एटीएम तोड़ने की कर रहा था कोशिश
- फोटो : सोशल मीडिया
ट्रांसपोर्ट व्यवसायी को नशे की लत ऐसी लगी कि रुपयों के लिए मोहताज हो गया। कहीं से कोई उम्मीद नहीं दिखी तो एटीएम तोड़ने गया। पेचकस से एटीएम मशीन तोड़ने की कोशिश की। बैंक का सायरन भी बजा और अनाउंसमेंट हुआ कि पुलिस आ रही है मगर उसे फर्क नहीं पड़ा। पुलिस पहुंची तब तक वह भाग गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि एटीएम तोड़ने की कोशिश करने के आरोप में आरोपी हरजीत सिंह निवासी भंवरकुआं को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से अमृतसर, पंजाब का रहने वाला है। बीती रात करीब 1 बजे वह रानीबाग इलाके में स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीम में घुसा। पेचकस की मदद से एटीएम को तोड़ने लगा। आगे का हिस्सा तोड़ दिया। इसी बीच बैंक के रोबोटिक एडवांस सर्विलेंस सिस्टम से बैंक को अलर्ट मिला और कंपनी कर्मचारी ने बूथ में लगे माइक सिस्टम से आरोपी को चेतावनी दी कि पुलिस आ रही है। आरोपी ने इसे अनसुना किया और वह मशीन तोड़ता रहा। पुलिस को सूचना दी गई। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची लेकिन तब आरोपी भाग चुका था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी का हुलिया देखा और उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी है। उसके ट्रक चलते थे लेकिन नशे की लत के कारण बंद हो गए। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में घाटा होने पर वह अपने शहर लौट गया था। कुछ दिन पहले वापस लौटा। नशे की लत के कारण उसे रुपये चाहिए थे, जिस कारण वह अपनी कार से एटीएम में चोरी करने पहुंचा। पुलिस अन्य मामलों के संबंध में भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।