धोखाधड़ी करने वाले 17 दुकानदारों पर नापतौल विभाग ने कार्रवाई की
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर पुलिस ने वसुंधरा गैलेक्सी गोल्डन पाम लसूड़िया में संचालित फर्जी एडवाइजरी श्री एसोसिएट्स फर्म के संचालक सहित चार को गिरफ्तार किया है। आरोपी संचालक लोगों को शेयर मार्केट निवेश से दोगुना लाभ दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी कर रहा था। आरोपियों से ये जानकारी मिली कि निवेश के नाम पर रुपये ले लिए, लेकिन निवेश नहीं करके धोखाधड़ी की। रुपये भी नही लौटाए। डिटेल पूछताछ चल रही है।
जानकारी के मुताबिक 14 दिसंबर को लसूड़िया थाना पुलिस को ईमेल पर शिकायत मिली थी। चंद्रशेखर हटवार निवासी नागपुर महाराष्ट्र व अनिल दुकारे निवासी पुणे महाराष्ट्र ने शिकायत की थी। इसमें बताया था कि उनके साथ फर्म संचालकों ने दो लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने जानकारी निकाली तो पता चला कि लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत श्री एसोसिएट्स एडवाइजरी फर्म का संचालक यशराज विश्वकर्मा अपने अन्य साथियों के साथ उक्त फर्जी एडवाइजरी का संचालन कर रहा है। वह लोगों को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर दोगुना लाभ देने का लालच देकर धोखाधड़ी कर रहा है। आरोपी रुपये लेकर न तो निवेश करता था न ही लौटा रहा था।
आवेदन पर थाना लसूड़िया में आरोपी विश्वकर्मा व अन्य के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। जांच के दौरान पाया कि श्री एसोसिएट्स एडवाइजरी फर्म वसुंधरा गैलेक्सी गोल्डन पार्क में फ्लैट नंबर 606 में संचालित की जा रही है। पुलिस वहां पहुंची और कंपनी के संचालक यशराज पिता बसंत विश्वकर्मा (25) निवासी फोनेक्स टाउनशिप लसूड़िया इंदौर व कंपनी के मैनेजर हेमंत प्रजापति उर्फ विवेक मिश्रा पिता गौरी शंकर प्रजापति निवासी टिमरनी हरदा व अन्य आरोपी सुरेंद्र पिता रघुवीर सिंह रघुवंशी (29) निवासी नटेरन विदिशा तथा कमलेश पिता राम शंकर प्रजापति (21) निवासी टिमरनी हरदा को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल, एक लैपटॉप जब्त किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस पता लगाएगी कि कब से वे इस फर्म का संचालन कर रहे हैं और अब तक कितनों के साथ धोखाधड़ी की है। उनके अपराध के तरीके के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।