इंदौर की देवी अहिल्या विश्विवद्यालय की छात्रा को 56 लाख का सालाना पैकेज मिला है। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक वेतन प्रस्ताव है। यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की छात्रा को ऑस्ट्रेलिया की कंपनी ने यह पैकेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक वर्तमान शिक्षा सत्र 2021-22 में प्लेसमेंट से जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं। सेमेस्टर खत्म होने से पहले ही 1000 छात्र-छात्राओं को नौकरियां मिल चुकी हैं। इनके लिए विश्वविद्यालय में अभी तक अलग-अलग क्षेत्र की 100 कंपनियां आ चुकी हैं। आइईटी से बीई करने वाली छात्रा रीति नेमा को ऑस्ट्रेलिया की आईटी कंपनी ने 56 लाख का सालाना पैकेज दिया है। आईआईएम की तुलना में यह पैकेज काफी अधिक है, क्योंकि इस सत्र में आईआईएम इंदौर का सबसे अधिक वार्षिक वेतन प्रस्ताव 49 लाख का पहुंचा है।
दरअसल, शुक्रवार को नई शिक्षा नीति को लेकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में कार्यशाला रखी गई थी। जहां अधिकारियों ने प्रारंभिक प्लेसमेंट रिपोर्ट के बारे में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव को जानकारी दी। आईईटी, आईएमएस, आईआईइपीएस, कॉमर्स, इकोनोमिक्स सहित अन्य विभागों के 1500 विद्यार्थियों के लिए कंपनियां पहुंचीं हैं, लेकिन एक हजार विद्यार्थियों ने कंपनी के प्रस्ताव स्वीकार किए हैं। आईटी, बैंकिंग, मार्केटिंग-सेल्स क्षेत्र से जुड़ी 100 कंपनियां आई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक 100 विद्यार्थियों को 10-10 लाख, 30-35 छात्र-छात्राओं को 20 लाख से ऊपर वार्षिक वेतन प्रस्ताव मिला है।
मप्र से सिर्फ दो छात्राओं को चुना
आईईटी प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. गोविंद माहेश्वरी ने बताया कि 2019 में 19 लाख और 2020 में 20 लाख का सर्वाधिक वार्षिक वेतन प्रस्ताव रहा है। छात्रा रीति नेमा को ऑफ कैंपस प्लेसमेंट में नौकरी मिली है। आस्ट्रेलिया की आईटी कंपनी ने प्रदेश से सिर्फ दो छात्राओं का चयन कंपनी के लिए किया है, जिसमें एक भोपाल के निजी संस्थान की छात्रा है। उन्होंने बताया कि औसत वार्षिक वेतन प्रस्ताव 5 लाख 23 हजार का रहा है। प्रदेश में पहली बार किसी संस्थान में प्लेसमेंट के लिए क्रेडिट सुइस ने 22 और केपीएमजी ने तीन विद्यार्थियों को चुना है। सबसे ज्यादा 281 नौकरी आईईटी कंपनी ने मौका दिया है।
आईईटी के बाद आईएमएस के सबसे ज्यादा विद्यार्थियों को नौकरियां मिली है। संस्थान के तीन सौ छात्र-छात्राओं 30 कंपनियों ने चुना है। सर्वाधिक वार्षिक वेतन प्रस्ताव 12 लाख का रहा है। जबकि न्यूनतम साढ़े सात लाख का वार्षिक वेतन प्रस्ताव है। प्रारंभिक प्लेसमेंट रिपोर्ट के अनुसार अब तक 100 से ज्यादा कंपनियों ने प्लेसमेंट के लिए कैंपस में दस्तक दी। ये कंपनियां 1500 से अधिक ऑफर दे चुकी है, जिनमें से 1 हजार ने ऑफर स्वीकार भी कर लिए। टॉप-100 विद्यार्थियों को औसतन 10 लाख रुपए सालाना से भी अधिक का पैकेज मिला है। सभी विद्यार्थी मिलाकर औसत पैकेज 5.23 लाख रुपए रहा। सबसे ज्यादा 281 नौकरी कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस ने दी।